Tuesday, October 27, 2026
Home Himachal टौणी देवी में उलझन में एनएच कंपनी, परेशानी में दुकानदार, खुदाई से दुकानों...

टौणी देवी में उलझन में एनएच कंपनी, परेशानी में दुकानदार, खुदाई से दुकानों की बेसमेंट तक पहुंचा पानी 

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण अटारी से लेह वाया हमीरपुर, टौणी देवी, समीरपुर, सरकाघाट, धर्मपुर, कोटली मंडी एनएच 3 विवादों की सड़क बनकर रह गई है। गावर कंपनी को अवार्ड हुआ  एनएच 03 डबल लेन ग्रीनफील्ड   सड़क का टेंडर अब सेबलटिंग पर सूर्य कंपनी के हाथ में है। अव्यवस्थाओं और विवादों को लेकर तो यहां के जन प्रतिनिधियों के मुंह में तो दहीं जमा हुआ दिख रहा है। एलाइनमेंट, डीपीआर, मुआवजा, डंगे, क्वालिटी और अव्यवस्थित निर्माण प्रक्रिया को लेकर निर्माण कंपनी को कोर्ट कचहरी तक में घसीटा गया लेकिन कोट से लेकर धर्मपुर तक स्थिति नहीं सुधरी। मामला हिमाचल विधानसभा में भी गूंजा लेकिन हालात फिर भी नहीं सुधरे। ताजा घटनाक्रम में अब  टौणी देवी बाजार में निर्माण कंपनी उलझन में फंसी दिख रही है। करीब दो साल पहले यहां करीब 40 दुकानदारों को दुकानें तोड़ कर धूल फांकने के लिए मजबूर किया गया। अब लेवलिंग के नाम पर हो रही खुदाई से दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को टांग दिया गया है। बेतरतीब खुदाई से टौणी देवी के दो बैंकों तक पेंशनधारी बुजुर्गों का पहुंचना तक मुश्किल हो गया है। 

Advertisements

पंजाब नेशनल बैंक से टौणी देवी मंदिर तक चढ़ाई खत्म करने के नाम पर करीब तीस साल पहले बनी मार्किट को खतरे के साए में झोंका जा रहा है।  बेतरतीब खुदाई से दुकानों की बेसमेंट में सीलन और पानी निकलना शुरू हो गया है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इससे दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। इस बारे में व्यापार मंडल टौणी देवी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरदीप राणा ने कहा कि  मार्केट से  नेशनल हाइवे को तुरंत क्लीयर किया जाए तथा दुकानदारों को एनएच कंपनी परेशानी में न डाले। खतरे वाले स्थानों पर कंपनी पक्के डंगे लगाए। उधर व्यापार मंडल टौणी देवी के अध्यक्ष पवन सोनी ने कहा कि करीब दो साल से टौणी देवी का व्यापार नेशनल हाइवे निर्माण की वजह से ठप्प पड़ा है। दुकानदार धूल फांकने को मजबूर हैं । निर्माण कंपनी को मार्किट में युद्ध स्तर पर कार्य कर राहत देनी चाहिए। एन एच निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर श्रीकांत ने इस बारे कहा कि बरसात की वजह से काम में दिक्कत आ रही है। शीघ्र ही टौणी देवी बाजार की समस्या हल हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here