
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के कलवारा जंगल से दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां जंगल में घास काट रही दो महिलाओं पर भालुओं ने हमला कर दिया। इस हमले में 1 महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 44 वर्षीय पिंकी देवी पत्नी सरनो राम गांव दलपा डाकघर बकाणी के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग के अधिकारियों ने मृतका के परिजनों को 10 हजार रुपये और घायल के परिजनों को पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी है।

मृतका के भतीजे पवन कुमार पुत्र मान सिंह गांव टिकरेड़ी गांव बकाणी ने बताया कि शुक्रवार सुबह 9:00 बजे उसकी चाचीयां ठांठी देवी और पिंकी देवी जोकि आपस में देवरानी और जेठानी है। घास काटने के लिए गांव के साथ लगते कलवारा जंगल में गई थी। सुबह अमूमन 10:00 बजे अचानक घात लगाकर बैठे भालुओं के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद बुरी तरह से लहूलुहान हुई महिलाओं ने जोर-जोर से चींखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। जिनकी आवाज सुन कर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर भालुओं को शोर कर वहां से खदेड़ा। कुंडी ब्लॉक के अतिरिक्त प्रभारी वन पाल तिलक राज रणौंता ने बताया कि भालुओं के हमले से मृतक महिला के परिजनों को दस और घायल महिला को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की जाएगी।












