
बिहार (द स्टैलर न्यूज़)। बिहार के एक पुरुष शिक्षक को मातृत्व अवकाश मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बिहार के वैशाली जिले के महुआ प्रखंड के हसनपुर ओसती उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक जितेंद्र कुमार को मातृत्व अवकाश के तहत 2 दिसंबर से 10 दिसंबर छुट्टी दी गई। इसका खुलासा शिक्षा विभाग के पोर्टल से हुआ है। जहां यह उल्लेख किया गया है कि शिक्षक जितेंद्र मातृत्व अवकाश के कारण गैरहाजिर थे। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर बिहार के शिक्षा विभाग को लेकर तरह-तरह के मजाक बन रहे है। स्थानीय स्तर पर भी लोग कई तरह की चर्चा कर रहे हैं।

इस मामले का खुलासा होने के बाद विभाग ने अपनी गलती स्वीकार की है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अर्चना कुमारी इसे तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए कहा कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण ऐसा हुआ है। उन्होंने कहा कि पुरुष शिक्षक को मातृत्व अवकाश नही मिलता है। यह तकनीकी गड़बड़ी के कारण पोर्टल में दर्ज हो गया है। उल्लेखनीय है कि बिहार में शिक्षा के स्तर में सुधार को लेकर सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।











