
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। यूथ डेवेल्पमैंट बोर्ड पंजाब एवं पावर कॉम जिला शिकायत निवारण कमेटी के पूर्व चेयरमैन संजीव तलवाड़ की कथित जासूसी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को काबू करने में सफलता हासिल की है। हालांकि इस बारे में पुलिस द्वारा अभी तक खुलासा नहीं किया गया है तथा पुलिस द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहे जाने की बात कही जा रही है।

दूसरी तरफ पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार गत रात्रि करीब 2-3 बजे पुलिस ने तलवाड़ के घर के समीप एक व्यक्ति जोकि एक गाड़ी में सवार था को काबू करने में सफलता हासिल की है व गाड़ी पर एक्साइज लिखा हुआ था, उसे भी कब्जे में ले लिया गया है। इस बारे में तलवाड़ से बात करने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है कि पुलिस ने किसी को गिरफ्तार किया है या नहीं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वह ठीक महसूस नहीं कर रहे थे तथा घर से कम ही निकल रहे थे, लेकिन उन्हें आशंका थी कि कोई है जो उनके घर के आसपास उनकी रेकी कर रहा था। जिसकी जानकारी पुलिस को थी। हो सकता है कि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोई कार्यवाही की हो। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में पुलिस से बात करेंगे या हो सकता है पुलिस उनसे बात करे। इसलिए अभी वह कुछ नहीं कह सकते।
पुलिस सूत्रों की मानें तो पुछले करीब एक माह से एक्साइज लिखी हुई गाड़ी जिसमें एक व्यक्ति सवार रहता था रात के समय तलवाड़ के घर के समीप खड़ी रहती थी तथा व्यक्ति सुबह 10-11 बजे तक उनके घर के आसपास गाड़ी खड़ी करके बैठा रहता था, जिसे आसपास के लोगों ने भी नोटिस किया था। जिससे आशंका है कि वह किसी न किसी बहाने शायद तलवाड़ परिवार की रेकी कर रहा होगा।
आपको बता दें कि संजीव तलवाड़ की बेटी फिल्मी दुनियां से जुड़ चुकी है और उसकी फिल्में एक के बाद एक आने शुरु हो गई हैं, जिसके बाद उसका नाम बड़े कलाकारों के साथ जुड़ने के बाद वह एक शख्सियत के रुप में खुद को स्थापित करने में कामयाब हो रही है। इसके साथ ही तलवाड़ दंपत्ति जहां लंबे समय तक भाजपा से जुड़ा रहा है और हाल ही में कुछ समय पहले ही उन्होंने अकाली दल ज्वाइन किया था और समाज में तलवाड़ दंपत्ति एक अलग पहचान रखता है। इसके अलावा संजीव तलवाड़ पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना के पीए व पॉलिटीक्ल सेक्रेटरी व पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला के करीबी रह चुके हैं व वर्तमान में अकाली दल बादल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रुप में राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।
आशंका यह भी जताई जा रही है कि किसी गैंग द्वारा किसी तरह की फिरौती या अन्य तरह की गतिविधि को अंजाम देने के लिए यह सब करवाया जा रहा हो। लेकिन जब तक पुलिस की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस बारे में कोई भी बात स्पष्ट रुप से नहीं कही जा सकती। पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस ने इस संबंधी अलग-अलग पहलुओं पर जांच शुरु कर दी है तथा जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि आखिर वह व्यक्ति इतने दिनों से तलवाड़ के घर के आसपास क्यों घूम रहा था और रात के समय ही वह वहां क्यों आता था।












