
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली में भाजपा के सांसदों ने अपने घर का पता खुद ही बदल दिया। उन्होंनें ‘तुगलक लेन’ की जगह ‘स्वामी विवेकानंद मार्ग’ कर दिया। फरीदाबाद से सांसद कृष्णपाल गुर्जर, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा और वाइस एडमिरल किरण देशमुख ने अपने आवास के बाहर लगे नेम प्लेट पर तुगलक लेन की जगह स्वामी विवेकानंद मार्ग लिखवा दिया है। वैसे, नेम प्लेट में अभी भी छोटे अक्षरों में तुगलक लेन लिखा है। नाम बदलने की यह घोषणा सरकार की तरफ से नहीं की गई है।

दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा ने शानदार जीत हासिल की है। इसके बाद शहर के कई इलाकों के नाम बदलने की मांग तेज हो गई है। भाजपा विधायकों ने मुस्तफाबाद और नजफगढ़ जैसे इलाकों का नाम बदलने की मांग की है। मोहन सिंह बिष्ट ने मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिवपुरी या शिव विहार करने का प्रस्ताव रखा, जबकि नीलम पहलवान ने नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने का प्रस्ताव रखा।












