
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने यात्रियों और बस कर्मियों की सुरक्षा को मद्देनज़र रखते हुए धर्मशाला से होशियारपुर जाने वाली दो बस सेवाओं को अस्थाई रूप से बंद कर दिया है। HRTC के कांगड़ा-चंबा डिविजन के डीडीएम पंकज चड्ढ़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला से होशियारपुर जाने वाली सुबह 6 बजे और 11:15 बजे की दो बस सेवाओं को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही हिमाचल प्रदेश में कुछ विवादित झंडे हटाने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद पंजाब में HRTC की बसों पर विवादित पोस्टर लगाए जाने और एक बस पर पथराव किए जाने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं ने हिमाचल और पंजाब के बीच तनाव को बढ़ा दिया। यात्रियों और बस कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।












