
जलालाबाद (द स्टैलर न्यूज़)। जलालाबाद में जो काम बड़े-बड़े नेता नहीं कर पाए, वह एक साधारण परिवार के लड़के और पहली बार विधायक बने जगदीप कंबोज गोल्डी ने कर दिखाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने आज जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की। जलालाबाद में शिरोमणि शहीद उधम सिंह के नाम पर बाईपास के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। पंजाब विधानसभा के चल रहे सत्र के दौरान प्रश्नकाल के दौरान स्थानीय विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर जलालाबाद बाईपास के निर्माण के संबंध में सवाल उठाया, जिस पर लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने विधानसभा को बताया कि जलालाबाद का बाईपास फिरोजपुर-फाजिल्का रोड से बनाया जाएगा, जो बागे के उताड़ से शुरू होकर नहर के साथ-साथ अमीर खास तक बनेगा। इसकी लंबाई 8.75 किलोमीटर तथा चौड़ाई 18 फीट होगी। इस संबंध में सरकार ने 13 करोड़ 28 लाख 70 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति भी जारी कर दी है।

विधायक जगदीप काम्बोज गोल्डी ने कहा कि इस सड़क की मांग काफी समय से की जा रही थी, लेकिन पिछली सरकारों के बड़े नेता इस क्षेत्र से वोट तो लेते रहे, लेकिन विकास के असल मुद्दों की ओर उनका ध्यान नहीं गया और पिछले बड़े नेता इस बाईपास का निर्माण नहीं करवा पाए। उन्होंने आगे बताया कि यह सड़क महान शहीद उधम सिंह के नाम पर बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण से जलालाबाद की यातायात समस्या का स्थायी समाधान होगा और लोगों को फाजिल्का से फिरोजपुर आने-जाने में लगने वाला समय भी कम लगेगा। विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने इस सड़क को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ का धन्यवाद करते हुए सदन में यह भी मांग की कि इस नई सड़क पर शहीद उधम सिंह की प्रतिमा भी स्थापित की जाए। लोक निर्माण मंत्री ने तुरंत इस मांग को स्वीकार कर लिया।
विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने इस संबंध में कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार हलके के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बहुमूल्य कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। उन्होंने कहा कि यह नई सड़क क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खोलेगी।












