
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली में जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर कड़ी निंदा जताई है। उन्होंने संदेश जारी करते हुए कहा कि इस घटना ने जमीर को झकझोर दिया है। वह सभी से अपील करेंगे कि इस घटना की पुरजोर तरीके से निंदा करें। इस हमले में जिन्होंने अपनों को खो दिया है। शाही इमाम ने उनके परिजनों के लिए सहानुभूति जताई है। जामिया हमदर्द के कुलपति प्रो. डा. एम. अफशार आलम ने कहा कि आतंकवाद का किसी भी समाज में कोई स्थान नहीं है, तथा हमें इसे अडिग साहस एवं दृढ़ता के साथ परास्त करने के अपने संकल्प में एकजुट रहना चाहिए।

दुख की इस घड़ी में हम पीड़ितों और उनके परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। हम उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि वे अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने और इस महान देश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई करें। बता दें कि 25 अप्रैल को दिल्ली के कारोबारियों ने “दिल्ली बंद” का ऐलान किया है। बुधवार की शाम को चांदनी चौक में ट्रेडर्स ने कैंडल मार्च निकाला। उसके बाद पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के खिलाफ दिल्ली के व्यापारियों ने फैसला लिया है।












