
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज शीघ्र ही जोल सप्पड स्थित निर्मित नए भवन में शिफ्ट हो रहा है। यह बात हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने हमीरपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। उन्होंने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर सहित पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व सराहनीय कार्य किए हैं। इसीलिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को स्वास्थ्य वाला मुख्यमंत्री के रूप में पहचाना जा रहा है। मुख्यमंत्री की सोच हैं कि हिमाचल को मेडिकल टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए विश्वस्तरीय लैब्स और मशीनरी मेडिकल कालेजों में उपलब्ध करवाई जा रही है।

पीजीआई चंडीगढ़ और ऐम्स की तरह अब प्रदेश के लोगों को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी जैसे विभागों को शुरू करने पर लोगों को बेहतर मेडिकल सुविधा घर के पास ही मिलेगी। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के लिए 118 पद भी स्वीकृत किए हैं । डॉक्टर पुष्पेंद्र ने मुख्यमंत्री द्वारा हमीरपुर को कैंसर अस्पताल प्रदान करने के लिए भी आभार जताया।












