
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार ने लाल लकीर के अंदर आने वाले घरों को राहत देते हुए मालिकाना हक के सर्टिफिकेट देने शुरू कर दिए है। इस कड़ी के तहत पंजाब के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा ने ‘मेरा घर मेरे नाम’ स्कीम के तहत 158 परिवारों को मालिकाना हक के सर्टिफिकेट प्रदान किए है। ये सर्टिफिकेट गुरुद्वारा साध संगत साहिब हैबोवाल कलां के लंगर हॉल में आयोजित एक विशेष समारोह में वितरित किए गए।

सांसद संजीव अरोड़ा ने इस पहल को हैबोवाल क्षेत्र (वार्ड नं. 65) में लंबे समय से चली आ रही संपत्ति स्वामित्व संबंधी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम बताया। निवासी पिछले 50 वर्षों से अपनी संपत्तियों पर कानूनी स्वामित्व की मांग कर रहे थे। अरोड़ा ने कहा कि यह न केवल दशकों पुरानी चुनौतियों का समाधान करेगी बल्कि निवासियों के मान-सम्मान को भी बहाल करेगा और नए आर्थिक रास्ते खोलेगा। उन्होंने कहा, “यह योजना निवासियों को कानूनी मान्यता प्रदान करती है और उन्हें वित्तीय विकास के लिए अपनी संपत्तियों का लाभ उठाने में सक्षम बनाती है।”












