
जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शोपियां पुलिस और भारतीय सेना की संयुक्त कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा के दो हाइब्रिड आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आतंकवादियों की पहचान इरफान बशीर और उजैर सलाम के रूप में हुई है। यह कार्रवाई 28 मई 2025 को बसकुचन इलाके में शुरू किए गए एक अभियान के दौरान की गई, जिसके बाद दोनों आतंकियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी। गिरफ्तार हाइब्रिड आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के लिए सक्रिय थे और संदिग्ध आतंकी गतिविधियों में शामिल थे। हाइब्रिड आतंकियों को वे आतंकी माना जाता है जो सामान्य जीवन जीते हुए आतंकी संगठनों के लिए गुप्त रूप से काम करते हैं और हमलों को अंजाम देने के बाद अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में लौट जाते हैं। इनसे भारी मात्रा में गोला-बारुद बरामद किया गया है।












