Wednesday, October 28, 2026
Home Hoshiarpur पुरानी कचहरी के चारों ओर ट्रैक बनाकर ग्रीन बैल्ट के तौर पर...

पुरानी कचहरी के चारों ओर ट्रैक बनाकर ग्रीन बैल्ट के तौर पर किया जाएगा विकसितः जिंपा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विकास कार्यों को गति देने और शहर की सुंदरता को निखारने के उद्देश्य से विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने आज पुरानी कचहरी और उसके साथ लगते पुराने सिविल सर्जन कार्यालय का दौरा किया। इस मौके पर मेयर सुरिंदर कुमार, एस.डी.एम. होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Advertisements

विधायक जिंपा ने कहा कि कचहरी शिफ्ट होने और सिविल सर्जन कार्यालय के अस्पताल में स्थानांतरित होने के बाद यह पूरा इलाका वीरान और उपेक्षित हो गया है। लंबे समय से बिना देखरेख के पड़ा यह स्थान धीरे-धीरे जंगल का रूप ले रहा है, जो शहर की छवि पर नकारात्मक असर डालता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह भूमि पुडा के अधीन है, अतः इसकी देखभाल और विकास की जिम्मेदारी भी पुडा की बनती है। विधायक ने पुडा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी योजनानुसार इस परिसर का विकास करें। यदि बड़े प्रोजेक्ट की संभावना न भी हो, तो भी नियमित सफाई और रखरखाव अनिवार्य है, ताकि यह स्थान उपेक्षा का शिकार न बने।

विधायक जिंपा ने बताया कि कि इस परिसर के चारों ओर ट्रैक बनाकर ग्रीन बेल्ट तैयार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नगर निगम इस कार्य के लिए सहयोग देने को तैयार है, जिससे नागरिकों को स्वच्छ और हरियाली से भरपूर वातावरण उपलब्ध होगा।

विधायक ने कहा कि वे पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर पुराने सिविल सर्जन कार्यालय को इसी स्थान पर दोबारा स्थापित करने की मांग करेंगे। इससे शहरवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं नजदीक और सुलभ होंगी। उन्होंने जिला प्रशासन और पुडा अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यह स्थान जल्द से जल्द साफ-सुथरा, सुरक्षित और व्यवस्थित बने, ताकि इसे जनहित में बेहतर ढंग से उपयोग किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here