
कांगड़ा (द स्टैलर न्यूज़)। क्षेत्र में देहरा से कांगड़ा की ओर जा रही एक कार दरकाटा के पास क्रैश बैरियर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार एक महिला घायल हो गई है। कार में चालक सहित एक महिला और दो बच्चे सवार थे, जो धर्मशाला के बताए जा रहे हैं। सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने समय न गंवाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचित किया।

मौके पर पहुंची एंबुलेंस की टीम ने घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के समय पीछे से आ रही पंजाब नंबर की एक अन्य कार भी अनियंत्रित हुई और पहली कार की चपेट में आ गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस दूसरी गाड़ी को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ और उसमें सवार लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे। दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों के चालकों ने आपस में सहमति बनाकर मामले को आपसी समझौते से सुलझा लिया। इस कारण घटना को लेकर पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।












