Wednesday, October 21, 2026
Home Himachal टौणी देवी में 7 नवंबर से अंडर-19 ओपन स्टेट बास्केटबाल प्रतियोगिता

टौणी देवी में 7 नवंबर से अंडर-19 ओपन स्टेट बास्केटबाल प्रतियोगिता

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। बास्केटबाल की नर्सरी के नाम से विख्यात टौणी देवी में खेल प्रतिभाओं का संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा। जय माता टौणी देवी बास्केटबाल कमेटी की ओर से 7 से 9 नवंबर तक अंडर-19 ओपन स्टेट बॉयज बास्केटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 12 आमंत्रित टीमें भाग लेंगी।

Advertisements

आयोजक समिति के अध्यक्ष कैप्टन विजय कुमार मलकानिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संसार चंद सोनी, महासचिव राजेश कुमार बहल तथा कोषाध्यक्ष सुनील चौहान ने बताया कि विजेता टीम को 21 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट प्लेयर) का चयन किया जाएगा। इसके साथ ही हर मैच में मैन ऑफ द मैच को 1100 रुपये और मोमेंटो प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में नेशनल गेम्स खेल चुके खिलाड़ियों को विशेष सम्मान दिया जाएगा। प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय ग्रेडिंग के 6 क्वालिफाइड रेफरी अपनी सेवाएं देंगे।

आयोजक समिति के अनुसार सभी प्रतिभागी टीमों के रहने, खाने और एंट्री की व्यवस्था निशुल्क रहेगी। टूर्नामेंट का शुभारंभ 7 नवंबर को कैप्टन विजय कुमार मलकानिया और संसार चंद सोनी संयुक्त रूप से करेंगे, जबकि 9 नवंबर को समापन समारोह में राज कुमार बहल एवं सब इंस्पेक्टर टीटू राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में वरिष्ठ सलाहकार राज कुमार बहल, उपाध्यक्ष मनजीत चौहान, सहकोषाध्यक्ष सिंपल पठानिया, सहसचिव संजय कुमार चौहान, सदस्य सूबेदार मेजर अनिल कुमार, कैप्टन राजीव कुमार, अभिनन्दन, देस राज, सूबेदार मेजर राकेश मलकानिया, पवन सोनी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

आयोजक समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना और बास्केटबाल खेल को नई दिशा देना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here