
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के नारायण नगर इलाके में उस समय दहशत का माहौल व्याप्त हो गया, जब दो पक्षों में भीषण लड़ाई हो गई तथा आशंका जताई जा रही है कि झगड़े में गोली भी चली है, जिससे एक युवक घायल बताया जा रहा है। लेकिन फिलहाल पुलिस ने इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार झगड़ा जंगली ग्रुप व राजिंदर राणा ग्रुप के बीच हुआ तथा इनका पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है और इनमें पुरानी रंजिश चली आ रही है।

जानकारी अनुसार पुरानी रंजिश एवं झगड़े के चलते पुराने केस में दो पक्षों की अदालत में पेशी थी, पेशी के दौरान एक पक्ष नै दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया तथा एक युवक को बुरी तरह से पीट दिया। जिसके बाद दूसरे पक्ष ने शाम करीब साढे 5 बजे नारायण नगर में घेर लिया और उनकी कार पर हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें देखा जा सकता है कि सफारी सवार युवक उतरते हैं और पहले से ही साइड में खड़ी कार व उसमें सवारों पर हमला कर देते हैं, जिससे बचने के लिए कार चालक ने कार को तेजी से भगाया और सूरज नगर पुरानी बसी वाले मार्ग पर भाग निकला। हमलावरों ने गाड़ी उनके पीछे लगा ली।
कार चालक इतना तेज था कि उसने पहले ईंटों के चक्के में कार को मार दिया और उसके बाद बैंक कालोनी निवासी एक बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण न चलने की हालत में थी तथा उसे वहीं छोड़कर कार सवार वहां से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार में सवार एक युवक को गोली लगी हुई थी तथा वह पास में ही कहीं छिप गया था, जिसकी तलाश में पुलिस ने छापामारी शुरु कर दी थी। पीछा कर रही हमलावरों की गाड़ी भी मौके से फरार हो गई। मृतका की पहचान जीवन लता (उम्र करीब 70 साल) निवासी बैंक कालोनी के रुप में हुई है।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी थी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल था तथा लोगों ने पुलिस से मांग की कि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।












