Thursday, October 8, 2026
Home Education जिला प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरजिंदर कौर ने विभागीय कर्मचारियों संग की बैठक

जिला प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरजिंदर कौर ने विभागीय कर्मचारियों संग की बैठक

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला प्रोजेक्ट डायरेक्टर कम जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री) मैडम हरजिंदर कौर ने अपने कार्यालय में विभागीय कर्मचारियों और स्कूल प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने शिक्षा संबंधी चल रहे कार्यों, विद्यार्थियों की सुविधाओं और विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से मिड-डे मील योजना को प्राथमिकता और जिम्मेदारी के साथ लागू करने पर जोर दिया।बैठक में उप जिला शिक्षा अधिकारी एलिमेंट्री अमनदीप शर्मा और मिड-डे मील जिला इंचार्ज अनिरुद्ध मोदगिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मिड-डे मील योजना सरकार की सबसे महत्वपूर्ण छात्र कल्याण योजनाओं में से एक है, इसलिए इसमें लापरवाही किसी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निश्चित दिनों पर फल अवश्य दिए जाएं। भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और पोषण मानकों का सख्ती से पालन हो। रसोई, बर्तन, स्कूल परिसर और खाने की जगह की पूर्ण स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक की प्रक्रिया विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार हो। उन्होंने कहा कि किसी भी स्कूल में मिड-डे मील को सिर्फ औपचारिकता के रूप में नहीं चलाया जाएगा, बल्कि इसे एक ज़िम्मेदारी और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम के रूप में लागू किया जाए।

मैडम हरजिंदर कौर ने कहा कि विभाग का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना है और इसके लिए पूरी टीम को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा।बैठक में सुपरीटेंडेंट श्याम सुंदर गुप्ता, ऐपीसी जर्नल निर्मल, जिला कोऑर्डिनेटर रजनीश कुमार गुलियानी, बलवीर सिंह, सतवीर सिंह, जीवनलाल, भूपेंद्र सिंह, परमजीत कौर, नवनीत कौर, मनु बाला, जगदीप कौर समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान अधिकारियों ने मिड-डे मील योजना को और बेहतर तरीके से लागू करने के लिए सुझाव भी साझा किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here