Sunday, October 25, 2026
Home Chandigarh आतिशी के वीडियो को तोड़-मरोड़ कर अपलोड और प्रसारित करने के संबंध...

आतिशी के वीडियो को तोड़-मरोड़ कर अपलोड और प्रसारित करने के संबंध में जालंधर पुलिस कमिश्नरेट में एफआईआर दर्ज

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि श्री इकबाल सिंह की शिकायत पर दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता एवं विधायक श्रीमती आतिशी के एक वीडियो को तोड़-मरोड़ कर तथा तकनीकी रूप से बदलकर गलत ढंग से अपलोड एवं प्रसारित करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी को गुरुओं के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणियां करते हुए दिखाते हुये भड़काऊ सुर्खियों के साथ एक छोटी वीडियो क्लिप वाली कई पोस्टें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर अपलोड/प्रसारित की गई हैं।

Advertisements

प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस वीडियो क्लिप की वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई है और श्रीमती आतिशी की ऑडियो वाली यह वीडियो क्लिप श्री कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (https://x.com/kapilmishra_ind/status/2008811019158847790?s=48) से डाउनलोड कर फोरेंसिक जांच हेतु निदेशक, फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी, पंजाब, एसएएस नगर को भेजी गई थी।

उल्लेखनीय है कि इस वीडियो की फोरेंसिक रिपोर्ट दिनांक 09-01-2026 के अनुसार यह सामने आया है कि श्रीमती आतिशी ने अपनी ऑडियो में कहीं भी “गुरु” शब्द नहीं बोला, जैसा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे वीडियो क्लिपों में दिखाया जा रहा है। वास्तव में इस वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके इसे तकनीक के द्वारा तोड़-मरोड़ कर अपलोड किया गया है, जिसमें ऐसे कुछ शब्द शामिल किए गए हैं जो श्रीमती आतिशी द्वारा बोले ही नहीं गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here