Tuesday, October 20, 2026
Home Chandigarh चुनाव ड्यूटी में कोताही बरतने वाले फतेहगढ़ चूड़ियां के बीडीपीओ सहित 6...

चुनाव ड्यूटी में कोताही बरतने वाले फतेहगढ़ चूड़ियां के बीडीपीओ सहित 6 निलंबित

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। गुरदासपुर लोक सभा सीट के अधीन आते फतेहगढ़ चूड़ियां में आदर्श चुनाव आचार संहिता को सही ढंग से लागू न कराने वाले फतेहगढ़ चूड़ियां के बीडीपीओ (ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी) सहित 6 कर्मचारियों को ज़िला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निलंबित कर दिया गया है। चुनाव आचार संहिता की उल्लंघनाओं की शिकायतें मिलने के बाद गुरदासपुर के रिटर्निंग अफ़सर-कम-ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने परगट सिंह बीडीपीओ, कुलजिन्दर सिंह ग्राम विकास अधिकारी, मेजर सिंह पंचायत सचिव, विलियम मसीह, सुखजीत सिंह और शमशेर सिंह सभी ग्राम रोज़गार सेवकों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 

Advertisements

एक प्रवक्ता ने बताया कि फतेहगढ़ चूड़ियां के विधायक की शिकायत मिली थी कि एक सरकारी पार्क में इंटरलाकिंग टाईलें लगवाईं जा रही हैं जो कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। इस मामले की पड़ताल के बाद यह शिकायत सही पाई गई और इस सम्बन्धी आम आदमी पार्टी गुरदासपुर के ज़िला प्रधान ग्रामीण को नोटिस जारी किया गया। यह टाईलें पार्क में रखने वाले प्रतिनिधियों के खि़लाफ़ मामला दर्ज करने के लिए एसएसपी को लिखा गया और ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के डायरैक्टर को ओम प्रकाश (प्रबंधक- कम- वी. डी. ओ) और कुलदीप सिंह (पंचायत सचिव) के खि़लाफ़ चुनाव आचार संहिता को लागू न करवा सकने के लिए निलंबित करके अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के लिए कहा गया है। इसी तरह फतेहगढ़ चूड़ियां के गाँव बद्दोवाल कलां में सीमेंट के बैंच बाँटने की शिकायत पर कार्यवाही करते हुये गाँव के ही दिलबाग सिंह और सुखविन्दर सिंह के खि़लाफ़ मामला दर्ज किया गया है। 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने सभी राजनैतिक पार्टियों और उनके प्रतिनिधियों को चुनाव आचार संहिता की पालना यकीनी बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के पहले दिन से ही सारा प्रशासकीय अमला और पुलिस विभाग इस बात पर ज़ोर दे रहा है कि चुनाव प्रचार और चुनाव अमल के दौरान किसी प्रकार का चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन न किया जाये और काफ़ी हद तक इस मकसद में पंजाब कामयाब भी रहा है। 

उन्होंने कहा कि अब जब वोटें पड़ने में कुछ घंटे बाकी हैं तो सभी राजनैतिक पार्टियों, मतदान लड़ रहे उम्मीदवारों, राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों और समर्थकों को चाहिए कि वह आदर्श चुनाव आचार संहिता के अधीन रहें और लोकतंत्र के इस त्योहार में एक मिसाल पेश करें। सिबिन सी ने सभी चुनाव अधिकारियों- कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को भी लोक सभा मतदान-2024 के अंतिम पड़ाव पर चुनाव आचार संहिता की पालना यकीनी बनाने के लिए प्रेरित किया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here