
तलवाड़ा (द स्टैलर न्यूज़)। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के अस्पताल, में दिनांक 30 जनवरी 2026 को निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप फोर्टिस अस्पताल, जालंधर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपस्थिति में लगाया जाएगा। यह जानकारी बीबीएमबी तलवाड़ा के मुख्य अभियंता श्री राकेश गुप्ता ने दी।

उन्होंने बताया कि इस निःशुल्क मेडिकल कैंप में बीबीएमबी के कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र के आम नागरिक भी भाग ले सकते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। कैंप के दौरान फोर्टिस अस्पताल जालंधर से किडनी एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ओंकार सिंह, न्यूरोसर्जरी विशेषज्ञ डॉ. तुषार अरोड़ा तथा महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. (मेजर) अमनदीप कौर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
उन्होंने बीबीएमबी स्टाफ सहित क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे 30 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा में आयोजित इस कैंप में पहुंचकर अधिक से अधिक लाभ उठाएं। कैंप के लिए पंजीकरण सुबह 9 बजे से शुरू होगा तथा जांच पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। इस अवसर पर मरीजों के लिए निःशुल्क ईसीजी जांच एवं ब्लड शुगर टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।












