
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। खेलों में बढ़िया प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एम-फिट क्लब हैल्थ क्लब के डायरैक्टर विक्रम मोहन शर्मा (वीर) व उऩकी टीम की तरफ से सम्मानित करने हेतु एक समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर बाक्सिंग में एशिया गोल्ड मैडलिस्ट मुस्कान झा एवं जूडो में नैशनल गोल्ड मैडलिस्ट युवराज ठाकुर के साथ-साथ नैशनल स्कूल गेम्स में भाग लेकर लौटी अगम्या डोगरा का सम्मान किया गया।

स्कूल नैशनल में भाग लेकर लौटी फेंसिंग खिलाड़ी अगम्या डोगरा को भी गणमान्यों ने दिया आशीर्वाद
इस अवसर पर नगर निगम के सेवानिवृत्त ज्वाइयं कमिशनर संदीप तिवारी, नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा तथा एचडीसीए सचिव डा. रमन घई ने विशेष तौर से पहुंचकर संयुक्त रुप से खिलाड़ियों को आशीर्वाद, शुभकामनाएं, स्मृति चिन्ह एवं नकद राशि भेंट करते हुए सम्मानित किया। इस मौके पर एडवोकेट राकेश मरवाहा एवं श्री तिवारी ने बच्चों की हौंसला अफजाई करते हुए कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि होशियारपुर जिला शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ खेलों में भी नाम कमा रहा है तथा हमें अपने होनहार खिलाड़ियों पर पूरा मान है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और भी बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर डा. रमन घई ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना भी पुण्य का कार्य है। क्योंकि, खेलों से जुड़कर ही बच्चे नशे व अन्य सामाजिक बुराईयों को दूर रह सकते हैं। उन्होंने बच्चों को अपनी तरफ से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा आशा प्रकट की कि वह भविष्य में होने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करके जिला, माता-पिता एवं कोच का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सरकार से अपील की कि होनहार खिलाड़ियों के खेल को निखारने के लिए हर स्तर पर उनकी मदद की जाए और उन्हें बेहतर प्लेटफार्म मुहैया करवाए जाएं ताकि उन्हें अन्य राज्य का रुख न करना पड़े।
इस मौके पर सभी का धन्यवाद करते हुए विक्रम मोहन शर्मा ने कहा कि उन्हें खुशी होती है कि बच्चे पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपने कौशल का प्रदर्शन करके आगे बढ़ रहे हैं। उनका प्रयास रहता है कि समाज में कुछ अलग करने वाले बच्चों को समय-समय पर प्रोत्साहित किया जाए ताकि वह बेहतर समाज एवं देश के निर्माण में अपना योगदान डाल सकें। इस मौके पर अन्य के अलावा मुस्कान के पिता सुनील कुमार झा, युवराज के पिता लेक्चरर सुरजीत ठाकुर, अगम्या डोगरा के पिता संदीप डोगरा, संदीप कुमार सोनू एवं अध्यापक राजिंदर कुमार भी मौजूद थे तथा उन्होंने भी खिलाड़ियों को आशीर्वाद प्रदान किया।











