
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा के प्रयासों से 45 करोड़ रुपये की लागत से होशियारपुर में कैंसर अस्पताल बनने की राह साफ हो गई है और इसका कार्य इसी साल शुरु हो जाएगा। इसकी घोषणा वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने बजट सत्र के दौरान विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा के आग्रह पर मुख्यमंत्री कै. अमरिंदर सिंह की सिफारिश के बाद आज की। इस संबंधी जानकारी देते हुए विधायक अरोड़ा ने बताया कि बजट की घोषणा में होशियारपुर में कैंसर अस्पताल शुरु न किए जाने की घोषणा तथा फाजिल्का में अस्पताल बनाए जाने की खबर से होशियारपुर निवासियों में काफी मायूसी पाई जा रही थी। इस बारे में उन्होंने तुरंत सारा मामला मुख्यमंत्री कै. अमरिंदर सिंह के ध्यान में लाकर होशियारपुर में टरशरी कैंसर केयर सैंटर (टी.सी.सी.सी.) अस्पताल बनाए जाने की मांग की। जिसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को इस संबंधी घोषणा के लिए राजी किया।

विधायक अरोड़ा के आग्रह पर मुख्यमंत्री की सिफारिश के बाद मनप्रीत बादल ने बजट सत्र में आज की घोषणा
विधायक अरोड़ा ने बताया कि आज बजट सत्र के दौरान वित्तमंत्री स. बादल द्वारा अस्पताल बनाए जाने की घोषणा किए जाने से होशियारपुर में अस्पताल बनने की सभी अड़चने दूर हो गई हैं तथा खुशी की बात यह है कि 45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अस्पताल का कार्य इसी साल 2018 में ही शुरु हो जाएगा। जिसके बाद होशियारपुर के साथ-साथ पड़ोसी जिलों व साथ लगते हिमाचल के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। विधायक अरोड़ा ने कहा कि होशियारपुर में कैंसर अस्पताल बनाने के कार्य की घोषणा कांग्रेस सरकार ने ही की थी, परन्तु अकाली-भाजपा सरकार ने इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया था। प्रदेश में कांग्रेस सरकार आते ही लोगों को उम्मीद थी कि अस्पताल का कार्य जरुर शुरु होगा और सरकार ने लोगों की भावनाओं और अच्छी सेहत सुुविधाएं प्रदान करने के अपने वायदे को निभाते हुए इसकी स्वीकृत्ति दे दी है। इसके लिए विधायक अरोड़ा ने मुख्यमंत्री कै. अमरिंदर सिंह और वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल का धन्यवाद किया।












