Wednesday, October 21, 2026
Home Jammu & Kashmir सीएमओ पुंछ ने फील्ड स्टाफ की बैठक ली, रोग नियंत्रण व सुरक्षित...

सीएमओ पुंछ ने फील्ड स्टाफ की बैठक ली, रोग नियंत्रण व सुरक्षित पेयजल पर दिया जोर

पुंछ (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-अनिल भारद्वाज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) पुंछ डा. परवेज अहमद खान ने अपने कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में फील्ड स्टाफ की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मल्टी-पर्पज हेल्थ इंस्पेक्टर , जूनियर हेल्थ इंस्पेक्टर तथा ब्लॉक हेल्थ वर्कर्स सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जिले में जनस्वास्थ्य उपायों की समीक्षा तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना था। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आम जनता के बीच स्वस्थ जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए कि सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों को तेज किया जाए, ताकि स्वच्छता, साफ-सफाई और रोगों की रोकथाम संबंधी जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाई जा सके।

Advertisements

डॉ. खान ने प्राकृतिक जल स्रोतों, झरनों तथा अन्य पेयजल आपूर्ति केंद्रों से नियमित रूप से पानी की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने जल गुणवत्ता की सख्त निगरानी बनाए रखने और कहीं भी दूषित पानी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया। मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की समय पर मलेरिया और डेंगू जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित महामारी या प्रकोप की स्थिति से बचने के लिए निगरानी प्रणाली को मजबूत बनाने पर भी बल दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने फील्ड स्टाफ को जल टैंकों में उचित क्लोरीनीकरण सुनिश्चित करने तथा जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तर पर समन्वित प्रयासों के माध्यम से जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और निवारक उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। बैठक के अंत में फील्ड मॉनिटरिंग को और सुदृढ़ करने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा संक्रामक और जलजनित बीमारियों से समुदाय की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य एवं सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here