
अरुणाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने की सूचना प्राप्त हुई है। जिसमें भारतीय सेना के दो जवानों की जान चली गई। भारत-चीन सीमा के करीब रेड्डी गांव के पास सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में एक नायब सूबेदार और एक नायक शहीद हो गए हैं, जबकि वाहन चालक सुरक्षित है। ऑपरेशनल ड्यूटी पर थे जवान सैन्य अधिकारियों से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 7 मार्च को उस समय हुआ जब सेना का वाहन ‘ऑपरेशन स्नो लेपर्ड’ के तहत परिचालन ड्यूटी के लिए गेलेमो से ताकसिंग की ओर जा रहा था। दुर्गम इलाका होने के कारण घटना की विस्तृत रिपोर्ट मिलने में देरी हुई।

शहीद जवानों की पहचान 56 आर्टिलरी ब्रिगेड की 908 फील्ड रेजिमेंट के नायब सूबेदार कुलवंत सिंह और 18 सिख रेजिमेंट के नायक प्रदीप कुमार शर्मा के रूप में हुई है। नायक प्रदीप कुमार उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले थे। चालक का चल रहा इलाज हादसे में 908 फील्ड रेजिमेंट के चालक अमरजीत गुर्जर को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत बोरोरुपाक स्थित फील्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अमरजीत की हालत अब खतरे से बाहर है। रक्षा विभाग ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शहीद जवानों के परिजनों को सूचित कर दिया है।












