
पुलवामा (द स्टैलर न्यूज़)। पुलवामा के लस्सीपोरा इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां देर शाम वीरवार को तूफान आने के कारण एक निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज यूनिट का ढांचा गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त भी हुई हैं।

एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि तेज हवा के कारण निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज यूनिट ढह गया जिससे पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रूहमा, रफियाबाद के सज्जाद अहमद मीर के रूप में हुई है। घायलों की पहचान अमृतसर के जसप्रीत सिंह, बडगाम के एजाज कुमार, हिलाल अहमद राथर तथा बारामुला के नसीर अहमद मीर के रूप में हुई है।












