
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब कमलप्रीत कौर बराड़ (IAS) और डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर आशिका जैन (IAS) के दिशा-निर्देशों तथा सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल जी के निर्देशों के तहत, डॉ. जतिंदर भाटिया (डिज़िग्नेटेड ऑफिसर-कम-जिला स्वास्थ्य अधिकारी, होशियारपुर) की देखरेख में फूड सेफ्टी ऑफिसर विवेक कुमार द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फूड सेफ्टी टीम द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के दौरान प्राप्त शिकायत के आधार पर होशियारपुर-फगवाड़ा रोड पर स्थित गांव डविंडा अहीराना में एक गुड़ बनाने वाली इकाई से गुड़ और शक्कर का एक-एक एनफोर्समेंट सैंपल लिया गया, ताकि चीनी की मिलावट की जांच की जा सके। ये सैंपल लैब टेस्ट के लिए फूड लैब खरड़ भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी सैंपल में मानकों का उल्लंघन या मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शहर के सभी गुड़ बनाने वालों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गुड़ में किसी भी प्रकार की चीनी या केमिकल की मिलावट न की जाए। यदि जांच के दौरान किसी के भी गुड़ में मिलावट पाई जाती है, तो उसके खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीएचओ डॉ. जतिंदर भाटिया और फूड सेफ्टी ऑफिसर विवेक कुमार ने सभी फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) को FSSAI के तहत अनिवार्य रजिस्ट्रेशन और लाइसेंसिंग का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।
सभी फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) को सख्ती से आदेश दिए गए हैं कि वे उचित स्वच्छता बनाए रखें और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत निर्धारित मानकों का पालन करें। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर कोई संदेह हो, तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग या फूड सेफ्टी अधिकारियों को दी जा सकती है।
विभाग द्वारा यह सुनिश्चित करने के लिए कि उपभोक्ताओं और आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले, इस प्रकार की सख्त और नियमित जांचें जारी रखी जाएंगी। इस अवसर पर फूड सेफ्टी टीम के सदस्य राम लुभाया और अरविंदरजीत भी उपस्थित थे।











