
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। सिरमौर जिले के नौहराधार में रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की पंचायत देवामानल में दो सगे मासूम भाई खड्ड में डूब गए। जिस कारण गांव व आस पास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि देवामानल गांव के 8 वर्षीय आयान और उसका 9 वर्षीय बड़ा भाई अभिनव गुरुवार को खड्ढ के किनारे खेल रहे थे। इस दौरान आयान का पांव फिसला औऱ वह पानी में जा गिरा।

इस दौरान छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई अभिनव उसे बचाने की कोशिश की और पानी में कूदा। लेकिन दोनों ही पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते है चीख-पुकार के बीच परिजन और ग्रामीण खड्ड की तरफ भागे और पिता ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। दोनों बच्चों को नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है औऱ गांव में मातम पसर गया है। उधर हादसे की सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
सिरमौर पुलिस का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है। संगड़ाह एसडीएम सुनील कुमार कैंथ की ओर से पीड़ित परिवार को 25-25 हजार रुपये की राहत दी जाएगी।












