
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला में स्थित काशंग जलविद्युत परियोजना के लेबर कैंप में हुए भीषण अग्निकांड में दो मजदूर जिंदा जल गए, जिस कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना रिकांगपिओ को आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से सूचना मिली कि काशंग परियोजना के लेबर कैंप में आग लग गई है। सूचना मिलते ही एएसआई संजीव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक अग्निशमन विभाग और परियोजना कर्मचारियों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया था।
हालांकि, हादसे के दौरान लोहे के शेड के भीतर बने डैकर में सो रहे दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान रंजीत कुमार (33), निवासी उधम सिंह नगर, उत्तराखंड और जगत वारे रुकाया (31), निवासी नेपाल के रूप में हुई है।
घटना के समय कैंप में मौजूद एक अन्य व्यक्ति सरवन (उत्तराखंड निवासी) किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लेबर शेड लोहे का बना हुआ था, जिसके अंदर प्लाईबोर्ड लगा था और बिजली की वायरिंग भी की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या जलती हुई बीड़ी-सिगरेट के कारण लगी हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।











