
सोनीपत (द स्टैलर न्यूज़)। सोनीपत स्थित खरखौदा न्यायालय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े एक युवक की सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबक उनका पत्नी पक्ष के साथ विवाद चल रहा था। नीतू ने पति नीरज पर फरवरी, 2019 में दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। यह मामला अदालत में विचाराधीन है। शनिवार को नीरज उसी मामले में पेशी भुगतने खरखौदा कोर्ट पहुंचे थे। बताया गया है कि अदालत में पेशी के बाद जब नीरज कोर्ट परिसर से बाहर निकले और साथ लगते लघु सचिवालय के गेट के समीप पहुंचे तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी को टक्कर मारी। बाद में उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब चार–पांच गोलियां लगने से नीरज लहूलुहान होकर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ब्रेजा कार में सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेहद तेजी से मौके से भाग निकले। घटना के दौरान नीरज के साथ उनके कुछ साथी भी मौजूद थे, जिन्होंने उसे बचाने और संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दिनदहाड़े अदालत परिसर में हुई हत्या की सूचना मिलते ही एसीपी जोगिंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।












