Wednesday, October 28, 2026
Home Chandigarh 30 मई को सरकारी स्कूलों में मनेगा ‘शिक्षा का महा जश्न’, मेगा...

30 मई को सरकारी स्कूलों में मनेगा ‘शिक्षा का महा जश्न’, मेगा पीटीएम में अभिभावकों से होगा सीधा संवाद

होशियारपुर/चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट-नीरज धीमान। पंजाब के सरकारी स्कूलों में 30 मई को शिक्षा का बड़ा उत्सव देखने को मिलेगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी प्राथमिक, मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में शनिवार को “शिक्षा का महा जश्न” मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर स्कूलों में मेगा पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग (पीटीएम) और विशेष अभिभावक कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisements

शिक्षा विभाग के अनुसार यह आयोजन नीति आयोग की स्कूल शिक्षा गुणवत्ता रिपोर्ट 2026 और भारत सरकार के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) में पंजाब को देशभर में पहला स्थान मिलने की उपलब्धि के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। विभाग का मानना है कि इस सफलता में शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका रही है, इसलिए इस उपलब्धि का जश्न स्कूल स्तर पर मनाया जाएगा।

सुबह 8 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम

एससीईआरटी पंजाब द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक कार्यक्रम 30 मई को सुबह 8 बजे आरंभ होगा। इस दौरान अभिभावकों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिन्हें 30 से 40 लोगों के छोटे समूहों में संचालित किया जाएगा, ताकि संवाद को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। यह कार्यशाला केवल औपचारिक भाषणों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार, मानसिक विकास और भविष्य की शिक्षा को लेकर अभिभावकों व शिक्षकों के बीच खुलकर चर्चा होगी।

मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलेगा सम्मान

कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में स्कूल स्तर पर शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों, किसी विषय में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्रों तथा जेईई, क्लैट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पंजाब को शिक्षा गुणवत्ता में शीर्ष स्थान दिलाने में योगदान देने वाले शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को भी स्थानीय विधायकों एवं गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में सम्मानित किया जाएगा।

अभिभावकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) हरजिंदर कौर ने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्कूल प्रमुखों को कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक पीटीएम नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अभिभावकों को स्कूल प्रणाली से सीधे जोड़ने का एक अहम प्रयास है। अभिभावकों की भागीदारी से बच्चों की शिक्षा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं।

उन्होंने बताया कि अभिभावकों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों को सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप, पंचायतों और धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं। गांव स्तर पर भी शिक्षकों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कहा गया है ताकि कोई भी अभिभावक इस आयोजन से वंचित न रह जाए।

नियमित कक्षाएं रहेंगी बंद, मुख्यालय करेगा मॉनिटरिंग

मेगा पीटीएम वाले दिन स्कूलों में नियमित कक्षाएं नहीं लगेंगी। विद्यार्थी अपने माता-पिता के साथ स्कूल पहुंचकर कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। विभाग द्वारा कार्यक्रम की मॉनिटरिंग मुख्यालय स्तर से की जाएगी तथा अधिकारियों की ओर से औचक फोन कॉल के माध्यम से अभिभावकों से सीधा फीडबैक भी लिया जाएगा।

शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि “शिक्षा का महा जश्न” सरकारी स्कूलों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ अभिभावकों और स्कूलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here