
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बैरगढ़-सच पास-किलर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब पर्यटकों से भरी कार बर्फ से ढके सच पास क्षेत्र की ओर जा रही थी। यह मार्ग हिमाचल प्रदेश के सबसे कठिन और जोखिमपूर्ण पहाड़ी रास्तों में गिना जाता है। दुर्घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को शनिवार को मिली, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया।

जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु से आए एक पर्यटक परिवार ने डलहौजी घूमने के लिए टैक्सी बुक की थी। इस परिवार ने डलहौजी में ठहरे एक अन्य पर्यटक परिवार के साथ वाहन साझा किया और सभी लोग सच पास क्षेत्र के बर्फीले पहाड़ों का आनंद लेने निकले थे। कार में चालक सहित कुल नौ लोगों के सवार होने की सूचना है, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। हादसा इतना भयावह था कि वाहन गहरी खाई में गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। देर शाम तक शवों को खाई से बाहर नहीं निकाला जा सका था। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और बचाव दलों की सहायता से रविवार को शवों को निकालने का अभियान शुरू करने की बात कही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच में जुट गए हैं। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके के लिए रवाना हो चुकी है ओर रेस्क्यू चलाया जाएगा।












