Tuesday, October 6, 2026
Home Himachal दिवंगत मर्चेंट नेवी अधिकारी आदित्य शर्मा का अंतिम संस्कार

दिवंगत मर्चेंट नेवी अधिकारी आदित्य शर्मा का अंतिम संस्कार

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। पिछले हफ्ते ओमान और ईरान के मध्य स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य में एक शिपिंग कंपनी के जहाज पर हुए हमले में मारे गए जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत हड़ेटा के गांव भालू के मर्चेंट नेवी अधिकारी आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर का गांव के मोक्षधाम में वीरवार दोपहर को अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Advertisements

इस अवसर पर आदित्य शर्मा के परिजनों, रिश्तेदारों और अन्य क्षेत्रवासियों के अलावा प्रशासन की ओर से उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा, गलोड़ के तहसीलदार केशव कुमार, अन्य अधिकारियों, ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कैप्टन प्रेम चंद शमा, संजीव शर्मा और अन्य गणमान्य लोगों ने भी दिवंगत आदित्य शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ के निर्देशानुसार नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा ने वीरवार सुबह ही हमीरपुर पहुंचकर दिवंगत आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर के पोस्टमार्टम एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण करवाया तथा इसे आदित्य शर्मा के परिजनों को सौंपा।

 दोपहर को जैसे ही दिवंगत आदित्य शर्मा का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा तो माहौल बहुत ही गमगीन हो गया। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने आदित्य शर्मा के पिता, अन्य परिजनों एवं रिश्तेदारों को ढाढस बंधाया और कहा कि अत्यंत दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार और प्रशासन शोक संतप्त परिवार के साथ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश जारी किए हैं और शोक संतप्त परिवार को प्रदेश सरकार एवं प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here