Friday, October 9, 2026
Home Himachal डंपर सहित सतलुज नदी में गिरा लोहे का पुल, ऊपर से गुजर...

डंपर सहित सतलुज नदी में गिरा लोहे का पुल, ऊपर से गुजर रहा था ट्रक, टापरी-चोलिंग सड़क बंद

हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में एनएच-5 पर बना एक पुल टूट गया है। घटना के दौरान एक ट्रक ऊपर से गुजर रहा था, वह भी नीचे जा गिरा। पर्यटन सीजन के बीच एक महत्वपूर्ण मार्ग बाधित हो गया है। चोलिंग पुल के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टूटने से क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ है। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। यह पुल लाहुल स्पीति के काजा और शिमला जिला को किन्नौर से जोड़ता था। तीन जिलों का संपर्क प्रभावित हुआ है। ट्रक बजरी लेकर टापरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वाहन बैली ब्रिज पर पहुंचा, पुल अचानक दोनों ओर से क्षतिग्रस्त होकर धड़ाम से नीचे गिर गया और डंपर भी उसके साथ सतलुज नदी में जा समा गया। पुल ओवरलोड ट्रक का भार नहीं सह पाया।

Advertisements

राहत की बात यह रही कि वाहन चालक सुरक्षित है और उसे केवल हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय सतलुज नदी में जल स्तर अपेक्षाकृत कम था। करछम-वांगतू परियोजना की टनल से जल प्रवाह गुजरने के कारण नदी में पानी का बहाव सामान्य से कम बताया जा रहा है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। जिला किन्नौर में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (एनएच-5) पर टापरी-चोलिंग के समीप सतलुज नदी पर बना पुल टूट गया।

घटना के बाद एनएच-5 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने स्थिति को संभालते हुए कुछ घंटों बाद वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजना शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ समय पूर्व ही संबंधित प्राधिकरण द्वारा पुल की मरम्मत करवाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहनों और बसों के गुजरने के दौरान पुल की स्थिति को लेकर लगातार चिंता बनी हुई थी। यह बैली ब्रिज था, जो लोहे से बनता है, इसमें लोहे की प्लेट इस्तेमाल की जाती हैं। बीच में कोई पिलर लगाए बिना इस पुल का निर्माण किया गया था। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here