
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई है। पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले दुर्गम क्षेत्र काशापाट में एक पिकअप गाड़ी 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गाड़ी में सवार मां-बेटे और चालक समेत सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार अपराह्न 4:35 बजे ढंढोल-काशापाट मार्ग पर पेश आया। बताया जा रहा है कि चालक दूध की सप्लाई देकर लौट रहा था और रास्ते में पांच लोगों ने लिफ्ट ली थी। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने शवों को सड़क तक पहुंचाया।

डीएसपी ने बताया कि शवों को तकलेच अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रामपुर के एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के परिवार वालों को फौरी राहत राशि जारी की जाएगी।हादसे के समय पिकअप में बैठी महिला फेसबुक पर लाइव हुई थी। महिला पिकअप में बैठी सवारियों को अपना ननिहाल दिखा रही थी। महिला की बातचीत के दौरान ही चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इससे गाड़ी से नीचे गिर गई। वीडियो में यात्रियों की चीख-पुकार साफ सुनी जा सकती है। हादसे का दिल झकझोर देने वाला यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। आशा वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल डिगेढ़ में बतौर हिंदी की प्रवक्ता तैनात थीं। शुक्रवार को अवकाश के चलते वह बेटे युगल के साथ अपने मायके जा रही थी।












