
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। बलूचिस्तान के ग्वादर में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के कैंप पर हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित बलोच लिबरेशन आर्मी ने ली है। संगठन का दावा है कि इस हमले में 30 से ज्यादा पैरामिलिट्री जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। BLA ने बयान जारी कर कहा कि विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने जिवानी में पनवान कोस्ट गार्ड बेस को निशाना बनाया। संगठन ने इस हमले को एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत किया गया ‘आत्मघाती वाहन-जनित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ हमला बताया। हमले की जिम्मेदारी लेते हुए समूह ने दावा किया कि धमाके ने कैंप को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है और सुरक्षाकर्मियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया। BLA ने आगे दावा किया कि पाकिस्तानी अर्धसैनिक बलों के 30 से ज्यादा सदस्य मारे गए, जबकि दर्जनों अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

BLA प्रवक्ता ने कहा, “घायलों की गंभीर हालत और मलबे में दबे लोगों को देखते हुए दुश्मन के हताहतों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है।” BLA के मीडिया विंग हक्कल ने आत्मघाती हमले का 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया। इस वीडियो में कथित तौर पर धमाके से कुछ पल पहले विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप में घुसता हुआ और उसके बाद आग का एक बड़ा गोला उठता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी अधिकारियों ने BLA के हताहतों के दावों की तत्काल पुष्टि नहीं की है और न ही इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है।












