
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधर के रैणक बाजार में स्थित सरकारी हाई स्मार्ट स्कूल के बाहर से 5वीं कक्षा की एक 12 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। बच्ची की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्ची अपने साथियों के साथ घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन स्कूल के भीतर दाखिल नहीं हुई। छात्रा के इस तरह अचानक लापता होने से पूरे इलाके, स्कूल प्रशासन और परिजनों में हड़कंप मच गया है। वहीं गायब हुई बच्ची की मां पूजा देवी ने बताया कि रोज की तरह मोहल्ला अली से कुल 4 बच्चे एक साथ स्कूल के लिए रवाना हुए थे। इनमें से 3 बच्चे तो सुरक्षित तरीके से स्कूल की बिल्डिंग के अंदर चले गए, लेकिन उनकी 12 वर्षीय बेटी सोनी कुमारी रास्ते से ही संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। काफी देर तक जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। वहीं परेशान परिजनों ने जब स्कूल पहुंचकर स्टाफ और प्रशासन से पूछताछ की, तो स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि बच्ची आज स्कूल पहुंची ही नहीं थी। सुबह हाजिरी के दौरान भी वह अनुपस्थित पाई गई।

स्कूल प्रशासन के इस जवाब के बाद परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। इस मामले के जांच कर रह एएसआई राजकुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, अली मोहल्ले से आए चार बच्चों में से 3 तो मुख्य गेट के अंदर चले गए, लेकिन सोनी कुमारी गेट के अंदर दाखिल नहीं हुई। शुरुआती फुटेज में यह बात सामने आ रही है कि बच्ची स्कूल के गेट के बिल्कुल पास पहुंचकर अचानक पीछे की तरफ मुड़ गई। वहीं बच्ची की मां पूजा देवी के बयान दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं स्कूल के आसपास और रैणक बाजार के रास्तों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि पता लगाया जा सके कि गेट से पीछे मुड़ने के बाद बच्ची किस दिशा में और किसके साथ गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्ची को तलाश कर परिजनों के हवाले कर दिया जायेगा।












