Thursday, October 15, 2026
Home Crime चोरों ने एक घर को बनाया निशाना, कीमती आभूषण के साथ पूरा...

चोरों ने एक घर को बनाया निशाना, कीमती आभूषण के साथ पूरा संदूक भी चुराकर ले गए

ऊना (द स्टैलर न्यूज़)।  ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के तहत ठठल क्षेत्र में चोरी की एक और ताजा वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात शातिरों ने नंदपुर–नेहरियां मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक घर को अपना निशाना बनाया है। हैरानी की बात यह है कि जिस समय चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया, उस समय मकान में एक बुजुर्ग दंपति मौजूद था और गहरी नींद में सो रहा था।

Advertisements

जानकारी के अनुसार यह घटना मध्य रात्रि के समय घटी। चोर बड़े ही शातिर तरीके से घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। चोरों ने तसल्ली से घर के अंदर रखे सामान को खंगाला और वहां से सोने की एक चेन, अंगूठी सहित अन्य कीमती आभूषण चुरा लिए। इतना ही नहीं, शातिर चोर घर से एक पूरा संदूक भी चुराकर अपने साथ ले गए हैं, जिसकी अभी तक कोई बरामदगी नहीं हो पाई है। चोरी का खुलासा अगली सुबह तब हुआ, जब परिवार के सदस्यों ने उठकर देखा कि घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।

घटना का पता चलते ही पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही अम्ब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घर और आसपास के क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि चोरों के आने-जाने वाले रास्ते और उनकी पहचान से जुड़ा कोई सुराग हाथ लग सके। इसके अलावा पुलिस पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here