
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय नेवी में तैनात होशियारपुर के गांव बह मवा के बेटे नीरज कुमार ने जापान में हो रही एशियन गेम्स में शूटिंग में सिल्वर मैडल जीतकर जहां नेवी की गौरव बढ़ाया है वहीं माता-पिता, गांव और जिला होशियारपुर का नाम भी रोशन किया है। खेलने के बाद अभी तक नीरज घर नहीं पहुंचेंगे , लेकिन उनकी उपलब्धि की खबर गांव में पहुंचने पर सारे गांव में खुशी और जश्न का माहौल है। नीरज के पिता रिटाटर्ड कैप्टन रविंदर सिंह ने बताया कि उनके बेटे को बचपन से ही शूटिंग का शौक था और उसने 12वीं की पढ़ाई सर्वहितकारी विद्या मंदिर स्कूल तलवाड़ा से की तथा साथ में उसने एनसीसी की। उसके शौक को देखते हुए उन्होंने जालंधर से उसे राइफल दिलवाई, जिसके बाद उसने अपने लक्ष्य को निर्धारित करते हुए अभ्यास शुरु किया। यहां पर कोई अकादमी न होने के चलते उन्होंने नीरज को दिल्ली से ट्रेनिंग दिलवाई। हालांकि इस दौरान लोगों ने कहा कि यह बहुत महंगा शौक है और इसमें सरकार कोई सहायता नहीं करती। लेकिन उन्होंने अपने खर्च पर नीरज को दिल्ली में ट्रेनिंग करवाई।

उन्होंने कहा कि वह जानते थे कि नीरज में कुछ कर दिखाने की ललक है और वह एक दिन देश का नाम विश्व पटल पर जरुर रोशन करेगा। उन्होंने कहा कि इंडियन नेवी में भर्ती होने के बाद भी नीरज ने अपने इस जनून को जारी रखा और आज उन्हें खुशी है कि वह इस मुकाम तक पहुंचा है। इस मौके पर नीरज की माता ललिता देवी के चेहरे की मुस्कान उनके बेटे की उपलब्धि को बयान कर रही थी। उन्होंने कहा कि जिस इलाके वह रहते हैं वहां पर संसाधनों की भारी कमी है, लेकिन जिन बच्चों में कुछ कर गुजरने की ललक होती है उनके आगे कोई भी कमी आड़े नहीं आती। उन्होंने कहा कि उन्हें नीरज पर गर्व है। नीरज का एक भाई है साहिल कुमार और वह भी भारतीय सेना में देश की सेवा में तत्पर है। नीरज की उपलब्धि पर उसके स्कूल एवं गांव में खुशी का माहौल है।












