
मोगा (द स्टैलर न्यूज़)। मोगा में भ्रष्टाचार के मामले में महिला इंस्पैक्टर को गिरफ्तार किए जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। गिरफ्तार की गई महिला पुलिस अधिकारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोट ईसे खां थाने की एसएचओ इंस्पेक्टर सुनीता बावा और उनके गनमैन होमगार्ड जवान गुरवतर सिंह को विजिलेंस ब्यूरो ने कथित तौर पर रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद कैमरे के सामने महिला अधिकारी के बेफिक्र अंदाज में दिए गए जवाब अब चर्चा का विषय बने हुए हैं। जानकारी के अनुसार कोट ईसे खां पुलिस ने हाल में खोसा रणधीर गांव के एक व्यक्ति को नशीले पदार्थों के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि इसी मामले का हवाला देकर SHO सुनीता बावा ने नूरपुर हकीमियां गांव निवासी राजविंदर सिंह को कथित तौर पर नशा तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार अधिकारी पर आरोप है कि इस मामले में उससे पहले ही 50 हजार लिए जा चुके थे और दोबारा 50 हजार की मांग की जा रही थी। राजविंदर सिंह की शिकायत के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने मामले की जांच शुरू की और फिर ट्रैप लगाया।

फिरोजपुर रेंज की इंस्पेक्टर गगनदीप कौर के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने शनिवार रात करीब 9 बजे जीरा रोड पर कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते SHO सुनीता बावा और उनके गनमैन गुरवतर सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। विजिलेंस ब्यूरो ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला अधिकारी पहले से ही विजिलेंस के रडार पर थीं। वीडियो में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए वह मुस्कुराती नजर आ रही हैं।
जब उनसे मामले को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “ऑल इज वेल, ऑल इज वेल।” रिश्वत के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कथित तौर पर कहा, “देखो, नया जेल मॉड्यूल शुरू हुआ है, देखते हैं क्या होता है।” जब उनसे पूछा गया कि ऐसी स्थिति में भी वह मुस्कुरा कैसे रही हैं तो उन्होंने जवाब दिया, “बिल्कुल, बोल्ड रहना चाहिए। उतार-चढ़ाव चलते रहते हैं, कोई बात नहीं। उम्मीद अच्छी रखो।” विजिलेंस ब्यूरो ने SHO सुनीता बावा और होमगार्ड जवान गुरवतर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में रिश्वत लेने के आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपों पर अंतिम स्थिति जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।












