Thursday, October 22, 2026
Home Himachal चुनावों में ही आती है सांसद को खेलों व युवाओं की याद:...

चुनावों में ही आती है सांसद को खेलों व युवाओं की याद: लेखराज ठाकुर

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। ब्लॉक समिति के उपाध्यक्ष लेखराज ठाकुर ने सांसद अनुराग ठाकुर पर हमला बोलते हुए कहा है कि चुनावों की बेला में ही उन्हें युवा वर्ग व खेल मुकाबलों की याद आती है और चुनाव बीत जाने के बाद सांसद युवाओं की सुध लेना भूल जाते हैं। आज यहां जारी एक बयान में लेखराज ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले सांसद अनुराग ठाकुर ने खेल ओलंपिक के नाम पर सुर्खियां बटोरने की कोशिश की थी और अब लोकसभा चुनावों के नजदीक आने पर अपनी नाव मझधार में फंसी देखकर वे क्रिकेट मुकाबलों के नाम पर एक बार फिर से युवाओं को गुमराह करने में जुट गए हैं।

Advertisements

लेखराज ठाकुर ने कहा कि सांसद महोदय से युवा वर्ग यह जानना चाहता है कि मोदी सरकार द्वारा हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने के वायदे का क्या हश्र हुआ और उन्होंने मोदी जी के नवरत्न होने के नाते अपने संसदीय क्षेत्र में अभी तक कितने युवाओं को नौकरी दिलवाई है। लेखराज ठाकुर ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी जी दूरबीन लगाकर देखते हैं कि दुनिया का कौन सा मुल्क घूमने से बचा रह गया है, उसी तरह सांसद अनुराग ठाकुर भी दूरबीन लगाकर यही देखते रहते हैं कि प्रदेश के किस खेल संघ पर अब कब्जा करना बाकी रह गया है।

लेखराज ठाकुर ने कहा कि युवा वर्ग यह अच्छी तरह जान चुका है कि सांसद अनुराग ठाकुर झूठ बोलने व अपने राजनीतिक हित साधने के लिए जनता को गुमराह करने की राजनीति करते हैं और झूठ बोलने के लिए उन्हें देश की सबसे बड़ी अदालत द्वारा लताड़ भी लगाई जा चुकी है। लेखराज ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर में रेल पहुंचाने में नाकाम रहे सांसद अब खेल मुकाबलों के नाम पर युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवा वर्ग सांसद से यह जानना चाहता है कि उन्हें चुनावों के समय ही खेल मुकाबलों की याद क्यों आती है और चुनावों के बाद वे युवाओं से दूरियां क्यों बना लेते हैं। उन्होंने कहा जिस तरह लोकसभा व विधानसभा सीटों के उपचुनावों में भाजपा के शेर अपने ही गढ़ों में ढेर हो रहे हैं, वैसा ही ट्रेलर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता अगले साल भाजपा को दिखाने वाली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here