
-एस.एस.पी. के ड्राइवर द्वारा की गई बदसलूकी पर भडक़े ‘आप’ नेता और कार्यकर्ता-आप के फ्लैक्स लगाने वाले लडक़ों को पुलिस के पकडऩे पर दे रहे थे धरना-होशियारपुर (पंजाब)। आम आदमी पार्टी द्वारा कैबिनेट मंत्री मजीठिया के खिलाफ नशे से संबंधित लगाए जा रहे फ्लैक्स को लेकर आज सुबह पहले थाना सदर, उसके बाद एस.एस.पी. निवास स्थान के बाहर और फिर थाना सिटी में खूब हंगामा हुआ। एस.एस.पी. निवास स्थान के बाहर धरने दौरान एस.एस.पी. के ड्राइवर द्वारा राष्ट्रीय परिषद सदस्य को धक्का मारे और बदसलूकी करने पर आप कार्यकर्ता भडक़ उठे और वहां तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस पर थाना सिटी पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी आप कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को हिरासत में ले लिया और थाना सिटी ले गई। थाने में करीब 2 घंटे बिठाने के बाद पुलिस ने हालांकि सभी को छोड़ दिया, परन्तु पुलिस की इस कार्रवाई की शहर में खूब चर्चा रही।

जानकारी अनुसार पार्टी नेता नवीन जैरथ व संदीप सैनी ने बताया कि पार्टी की तरफ से गत रात्रि पंजाब के कैबिनेट मंत्री मजीठिया के खिलाफ नशे से संबंधित फ्लैक्स बोर्ड लगवाए जा रहे थे। देर रात्रि पुलिस द्वारा न सिर्फ फ्लैक्स बोर्ड फाड़ डाले गए बल्कि बोर्ड लगा रहे लडक़ों को भी पुलिस ने नाजायज तौर से पकड़ लिया और थाना सदर ले आए। सुबह करीब 6 बजे जैसे ही उन्हें इस बात की सूचना मिली तो वे तुरंत थाना सदर पहुंचे। उन्हें वहां आता देख पुलिस ने दोनों लडक़ों को छोड़ दिया और कहने लगी कि इन्हें गलती से पकड़ लिया गया था, इसलिए छोड़ दिया गया है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से गुस्साएं आप नेता और कार्यकर्ता बड़ी तादात में थाना सदर के समक्ष एकत्रित हो गए और उन्होंने थाने के समक्ष धरना दे दिया। इसके पश्चात समस्त कार्यकर्ताओं ने एस.एस.पी. के निवास स्थान के समक्ष धरना देने का निर्णय लिया और सभी वहां एकत्रित होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लग गए।
एस.एस.पी. घर में नहीं थे तथा कहीं बाहर से निवास स्थान की तरफ आ रहे थे। जैसे ही वे गेट के समीप पहुंचे तो आप कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ किए गए व्यवहार तथा पुलिस की अवैध कार्रवाई संबंधी बात करनी चाही। अभी बात चल ही रही थी कि एस.एस.पी. के ड्राइवर ने नवीन जैरथ को धक्का मार दिया और बदसलूकी की। इस पर आप के अन्य नेता व कार्यकर्ता भडक़ उठे तथा उन्होंने पुलिस के खिलाफ और भी जोरशोर से नारेबाजी करनी शुरु कर दी। स्थिति को तनावपूर्ण होता देख थाना सिटी पुलिस ने सभी को अपने घेरे में ले लिया और उन्हें गाडिय़ों में भरकर थाना सिटी ले आई। रास्ते में आप कार्यकर्ता इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाते रहे, जिन्हें देखकर शहर निवासी एकदम स्तम्भ रह गए कि आखिर क्या माजरा है। थाना सिटी लाने के उपरांत सभी को अंदर बंद कर दिया गया। परन्तु आप नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर क्या पर्चा डाला जाए इसे लेकर पुलिस अधिकारी पशोपेच में फंसे रहे तथा अंतत: पुलिस को सभी को छोडऩा पड़ा।
इसी बीच पुलिस स्टेशन पहुंचे पत्रकारों से बातचीत में डी.एस.पी. समीर वर्मा ने बताया कि माहौल खराब न हो इसलिए आप नेताओं व कार्यकर्ताओं को यहां लाया गया है तथा उन्हें थोड़ी देर में छोड़ दिया जाएगा। पुलिस द्वारा फ्लैक्स फाडऩे एवं बोर्ड लगाने वाले लडक़ों को पकडऩे संबंधी पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देर रात को युवकों को सडक़ पर घूमता देख पुलिस द्वारा सिर्फ पूछताछ के लिए उन्हें थाने लाया गया था, पर बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कोई बोर्ड नहीं फाड़े हैं, इस संबंधी कोई गलतफहमी हुई है।













