हमीरपुर: सर्व कल्याणकारी संस्था का हुआ जिला सम्मेलन, सैकड़ों लोगों ने की शिरकत

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हमीरपुर का टाउन हाल आज सर्व कल्याणकारी संस्था के सफल जिला सम्मेलन का साक्षी बना जिसमें सैकड़ों की तादाद में संस्था के सक्रिय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ,पूर्व सैनिकों, महिला मंडलों के प्रतिनिधियों और पंचायती राज संस्थाओं के चुने हुए प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संस्था की सामाजिक सोच को और आगे बढ़ाने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता व एकजुटता दर्शाई। संस्था के जिला स्तरीय जनरल हाउस की बैठक की अध्यक्षता संस्था के चेयरमैन व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने की। संस्था के इस जिलास्तरीय जनरल हाउस को लेकर प्रतिनिधियों में उत्साह का आलम यह था कि समूचा टाउन हॉल खचाखच भर गया और फिर भी लोगों के आने का सिलसिला जारी रहा। संस्था के जनरल हाउस की बैठक में खचाखच भरी उपस्थिति से एक बार फिर यह साबित हो गया कि इलाके में सर्व कल्याणकारी संस्था की जड़े कितनी गहरी हैं और किस तरह लोग शिद्दत से इस संस्था के साथ जुड़े हुए हैं।

Advertisements


इस बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सर्व कल्याणकारी संस्था का वार्षिक समारोह 25 नवंबर रविवार को ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर के चौगान में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा और इस समारोह में देश , प्रदेश व जिला की उन विभूतियों को शान- ए -हिंद ,शान -ए -हिमाचल और हमीर गौरव अवॉर्ड से अलंकृत किया जाएगा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए देश ,प्रदेश व जिला का नाम रोशन किया है। इन विभूतियों के चयन के लिए संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष खुशहाल जगोता की अध्यक्षता में एक 5 सदस्यीय समिति गठित की गई है। बैठक में राजेंद्र राणा ने सभी से आह्वान किया कि वे इन पुरस्कारों के लिए पात्र लोगों के नामों की अनुशंसा कमेटी के समक्ष करें।

-पूरी शान से जारी रहेगा समाजसेवा का अभियान: राणा

संस्था के इस जिला स्तरीय जनरल हाउस को संबोधित करते हुए संस्था के चेयरमैन व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि सर्व कल्याणकारी संस्था पिछले 17 सालों से पीडि़त मानवता की सेवा और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण भाव से जुटी हुई है और संस्था के साथ जुड़े लोगों का कारवां निरंतर बढ़ता जा रहा है। देश के कई शहरों में संस्था की शाखाएं पीडि़त मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्था को इस बात का गौरव हासिल है कि संस्था अब तक 5803 गरीब लड़कियों की शादी में आर्थिक सहयोग दे चुकी है। इसके अलावा संस्था द्वारा अब तक 34 निशुल्क मेडिकल कैंप लगाए जा चुके हैं जिनमें देश के चोटी के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान की हैं और भविष्य में भी निशुल्क मेडिकल कैंपों का सिलसिला बरकरार रहेगा। उन्होंने कहा संस्था द्वारा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के महिला मंडलों को 6 बार सम्मानित किया जा चुका है और सातवीं बार सम्मानित करने की तैयारी है। इसके अलावा संस्था के वार्षिक समारोह व अन्य कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए कई विभूतियों को सम्मानित करके समाज के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया गया है।

संस्था के चेयरमैन राजेंद्र राणा ने इस जिला स्तरीय जनरल हाउस में कई महानुभावों को संस्था की नई जिम्मेदारियां सौंपी और उनकी नियुक्तियां करने की घोषणा की। उन्होंने मत्ती टीहरा बीडीसी के सदस्य कृष्ण कुमार को संस्था की जिला हमीरपुर इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष, रिटायर्ड तहसीलदार सुरेश पटियाल को उपाध्यक्ष, पंचायत प्रधान सुदर्शन शर्मा को उपाध्यक्ष, हाल ही में नगर परिषद के युवा पद से रिटायर हुए विजय शर्मा व राकेश राणा को को संस्था का जिला सचिव तथा जोगिंदर ठाकुर को संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ-साथ मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दिए जाने का भी ऐलान किया।

इस जिला स्तरीय जनरल हाउस को संबोधित करते हुए सर्व कल्याणकारी संस्था के युवा संपर्क विंग के संयोजक अभिषेक राणा ने कहा कि संस्था युवाओं की ऊर्जा व जोश को रचनात्मक दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा यह दौर युवाओं का है और युवा किसी भी समाज की तस्वीर और तकदीर बदलने में सक्षम हैं। बैठक में अभिषेक राणा ने नरेंद्र शर्मा को संस्था के युवा संपर्क विंग का जिला मंडी का अध्यक्ष, अनीश उर्फ अन्नू को बिलासपुर का अध्यक्ष और बुद्धि सिंह को जिला हमीरपुर का दायित्व सौंपने का ऐलान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here