
हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा देश में न्यूनतम आए गारंटी योजना आरम्भ करने के वादे से लगता है भाजपा नेतृत्व सकते की स्थिति में है। यह बात प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने हमीरपुर में प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा इस योजना की घोषणा करने के उपरांत जिस प्रकार से वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रतिक्रिया दी उससे ऐसा ही प्रतीत होता है कि जैसे जैसे राहुल गांधी उनके निजी खाते से यह धन गरीबों में बांटने वाले हों।

उन्होंने कहा कि पी.एम. नरेन्द्र मोदी ने पिछला चुनाव चाय का नारा देकर जीता परन्तु चाय बेचने वालों की पांच वर्ष में सुध नहीं ली उल्टा देश के बेरोजगार नौजवानों को पकोड़े तल कर रोजग़ार पैदा करने की सलाह देकर युवाओं को अपमानित किया। अब चौकीदार बन कर एक बार पुन: देश में उपेक्षा तथा आर्थिक बदहाली की मार झेल रहे इस वर्ग को अपनी राजनीति के लिए इस्तेमाल करने का वह प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री से यह जानना चाहती है कि क्या उन्हें ग्राम पंचायतों, पटवारखानों तथा आउटसोर्स कंपनियों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर कार्यरत चौकीदारों की समस्याओं की जऱा सी भी जानकारी है और क्या उन्होंने पांच वर्ष के अपने शासनकाल में उनकी समस्याओं को सुलझाने का कोई प्रयास किया।











