Sunday, November 1, 2026
Home Hoshiarpur जनरल आब्जर्वर व पुलिस आब्जर्वर ने चुनाव संबंधी किए जा रहे प्रबंधों...

जनरल आब्जर्वर व पुलिस आब्जर्वर ने चुनाव संबंधी किए जा रहे प्रबंधों का लिया जायजा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय चुनाव आयोग की ओर से 05 लोकसभा क्षेत्र होशियारपुर के लिए नियुक्त किए गए जनरल आब्जर्वर जय प्रकाश शिवहरे आई.ए.एस. ने कहा कि लोकसभा चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से करवाने के लिए सभी अधिकारी और गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। वे आज चुनाव संबंधी लोकसभा क्षेत्र होशियारपुर के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा ले रहे थे। इस मौके पर पुलिस आब्जर्वर आशुतोष राय, आई.पी.एस., जिला चुनाव अधिकारी-कम-रिटर्निंग अधिकारी ईशा कालिया व एस.एस.पी. जे.एलेनचेलियन भी मौजूद थे।

Advertisements

जय प्रकाश शिवहरे ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग की हिदायतों का पूरी तरह से पालन करना सुनिश्चित बनाया जाए और यदि किसी को कोई भी समस्या आती है, तो वह उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है, इसीलिए पूरे उत्साह व जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभाई जाए, ताकि लोकसभा चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न करवाया जा सके। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर 78147-20158 सार्वजनिक करते हुए कहा कि जहां आम जनता चुनाव संबंधी किसी भी तरह की समस्या के लिए उनसे संपर्क कर सकती है, वहीं किसी भी तरह की दिक्कत सामने आने पर चुनावी स्टाफ की ओर से किसी भी समय उनसे संपर्क किया जा सकता है।

जनरल आब्जर्वर ने कहा कि उनकी ओर से जल्द ही पोलिंग बूथों का भी जायजा लिया जाएगा, ताकि पोलिंग बूथों पर किए गए प्रबंधों का जमीनी स्तर पर मुआयना किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वीप के अंतर्गत भी गतिविधियां और तेज की जाएं, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक वोटर अपने वोट के अधिकार का प्रयोग कर इसका हिस्सा बन सकें। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से चुनाव संबंधी किए गए प्रबंधों पर तसल्ली भी प्रकट की।

पुलिस आब्जर्वर आशुतोष रॉय ने कहा कि जिला पुलिस व सिविल प्रशासन में आपसी तालमेल बहुत जरुरी है और यह तालमेल होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र में बाखूबी नजर आ रहा है। उन्होंने जिला पुलिस को हिदायत करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था लागू करने में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और यदि कोई समस्या सामने आती है, तो उनसे संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों की ओर से की जा रही चैकिंग के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि बेवजह किसी राहगीर को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही जिला पुलिस की ओर से लगाए जा रहे नाकों का जायजा लेंगे।

जिला चुनाव अधिकारी-कम-रिटर्निंग अधिकारी ईशा कालिया ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को हिदायत करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की हिदायतों के मुताबिक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। इसके अलावा प्रीजाइडिंग अधिकारियों व सहायक प्रीजाइडिंग अधिकारियों को ई.वी.एम. व वी.वी.पी.ए.टी. मशीनों के बारे में छोटे ग्रुपों में ट्रेनिंग दी जाए, ताकि इन मशीनों के बारे में कोई शंका न रहे। उन्होंने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को मतदान केंद्रों व स्ट्रांग रु मों में सुचारु प्रबंधों के बारे में हिदायत की। उन्होंने कहा कि जहां नाजुक पोलिंग बूथों की मैपिंग यकीनी बनाई जाए, वहीं यह भी यकीनी बनाया जाए कि पोलिंग बूथों के नजदीक राजनीतिक दलों की ओर से लगाए जा रहे अस्थायी बूथ 200 मीटर घेरे से बाहर हो।

ईशा कालिया ने ए.आर.ओज. को परसन विद् डिसेबिलिट (पी.डबल्यू.डी) के लिए विशेष सुविधाएं यकीनी बनाने के लिए कहा, ताकि दिव्यांगजन को वोटों के दौरान किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि होशियारपुर लोक सभा क्षेत्र के अंतर्गत 9 विधान सभा क्षेत्र आते हैं, जहां 19 मई को मतदान होगा व 23 मई को वोटों की गिनती होगी। उन्होंने कहा कि वोट प्रक्रिया व गिनती प्रक्रिया के लिए सभी प्रबंध समय पर मुकम्मल किए जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

एस.एस.पी. जे. एलेनचेलियन ने जहां अब तक नशे संबंधी की गई कार्रवाई के बारे में परिचित करवाया, वहीं सुरक्षा के पक्ष से शांतिपूर्वक तरीके से चुनाव करवाने की वचनबद्धता भी दोहराई। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) हरप्रीत सिंह सूदन, 9 विधान सभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस अधिकारी व अलग-अलग सैल के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here