
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: संदीप वर्मा। लॉक डाउन के चलते होशियारपुर की सभी छोटी बड़ी दुकानें व शोरूम बन्द पड़े हैं तथा लोग घरों से न निकलें इसके लिए पुलिस ने हर चौंक-चौराहे कड़ा पहरा लगा रखा है। लेकिन बावजूद इसके शहर में चोर इतने सक्रिय हैं कि कुछ दिन पहले तक जहां वे बड़ी दुकानों को निशाना बना रहे थे वहीं अब उनके निशाने पर छोटे दुकानदार एवं खोखे वाले हैं।

ताजा घटनाक्रम में गत रात्रि 26 मार्च को चोरों ने टैगौर पार्क के सामने स्थित एक खोखे को निशाना बनाते हुए वहां से सामान चोरी कर लिया। सिगरेट-पान का खोखा चलाने वाले रामनारायण मिश्रा ने बताया कि चोर खोखे की छत की टीन तोडक़र खोखे में दाखिल हुए और खोखे से मिनरल वाटर, कोल्ड-ड्रिंक, खारा सोडा, तम्बाकू, गुटखा, जर्दा, भुजिया व गल्ला चोरी करके ले गए, जिसमें 200-250 रुपये थे। मिश्रा ने बताया कि वह आज शुक्रवार को सुबह टहलते हुए खोखे की तरफ गए तो उन्होंने देखा कि खोखे का सामने वाला दरवाजा अंदर की तरफ धंसा हुआ था। उनको शक हुआ तो उन्होंने खोखा खोलकर देखा तो अंदर पड़ा हुआ हजारों का सामान चोर खोखे की छत की टीन को उखाड़ कर चोरी करके ले गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना नाके पर खड़ी पी.सी.आर. टीम को दी और उन्होंने यहां आकर मौका देखा।
अगर हम बात करें बड़े दुकानदारों की कि जिनकी दुकानों में लाखों-करोड़ों रुपये का सामान पड़ा है तथा पुलिस का कड़ा पहरा होने के बावजूद जब नाके के समीप एक खोखे को निशाना बनाया जा सकता है तो अभी तो 18 दिन और पड़े हैं व चोरों द्वारा कितना गदर मचाया जा सकता है।












