
जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), अनिल भारद्वाज। गांवों में अवैध देसी शराब बनाने का कारोबार काफी फल-फूल रहा है। समाज पर भी इसका दुष्प्रभाव पड़ रहा है। गांव के कुछ लोगों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पर चिता जताते हुए पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध देशी शराब के बढ़ रहे कारोबार पर अंकुश लगाया जाए और जो लोग शराब बनाने वाले बेचने का कारोबार कर रहे हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें सबक मिल सके।

गांव चंगी, क्रसाल, बैरी, खेत्र आदि गांवों के कुछ लोगों ने नाम न जाहिर करते हुए बताया कि इन गांव में देसी शराब का कारोबार धड़ल्ले से किया जा रहा है और शराब बेचने वाले कुछ लोग अंग्रेजी शराब को भी अवैध तौर पर बेचकर नशे को बढ़ावा दे रहे हैं। लोगों ने बताया कि सुबह-शाम शराब पीने वाले लोग नशे में धुत रहकर खूब हुल्लड़ बाजी करते हैं और खूब गाली-गलौज भी करते हैं, जिसका समाज पर बहुत बड़ा असर पड़ रहा है। वहीं, लोगों ने कहा कि पुलिस प्रशासन को चाहिए कि वह अवैध शराब का कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे, ताकि शराब के बढ़ रहे इस कारोबार पर अंकुश लग सके।
इस संबंध में थाना प्रभारी धर्मशाल राजेंद्र शर्मा का कहना है कि पुलिस एक अभियान के तहत नशा तस्करों और अवैध देसी शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। जो लोग नशे के इस कारोबार में लिप्त हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस गंभीरता से इस मामले को लेकर कार्रवाई कर रही है और करेगी।












