Saturday, October 24, 2026
Home Jammu & Kashmir 25 मार्च से पर्यटकों के लिए खुल जाएगा ट्यूलिप गार्डन, प्रधानमंत्री ने...

25 मार्च से पर्यटकों के लिए खुल जाएगा ट्यूलिप गार्डन, प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी

जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़), अनिल भारद्वाज। वीरवार का दिन जम्मू – कश्मीर के लोगों के लिए बेहद खास है। कोरोना महामारी के बाद लगाए गए लॉकडाउन के बाद देश में सब कुछ बंद कर दिया गया था इसी दौरान एशिया के सबसे बड़े इंदिरा गाधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन को भी बंद किया गया था। हालांकि खुशखबरी यह है कि 25 मार्च यानी वीरवार से यह ट्यूलिप गार्डन आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा । इस संबंध में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा कि कल 25 मार्च का दिन जम्मू और कश्मीर के लिए बेहद खास है। जबरवान पर्वत की तलहटी पर स्थित एक आलीशान ट्यूलिप गार्डन कल से पर्यटकों के लिए खुल जाएगा। गार्डन में खिलने वाले 64 से ज्यादा किस्मों के 15 लाख से ज्यादा फूलों को लोग देख सकेंगे । डल झील किनारे स्थित ट्यूलिप गार्डन में एंट्री से पहले सभी पर्यटकों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। सैनिटाइजर भी उपलब्ध होगा। गार्डन में पर्यटकों के पानी पीने के लिए वाटर एटीएम और आरओ लगाए गए हैं ।

Advertisements

फ्लोरीकल्चर विभाग के निदेशक फारूक अहमद ने कहा कि ट्यूलिप गार्डन को 25 मार्च से खोले जाने की योजना है ।अगर मौसम ठीक नहीं रहा तो गार्डन खोलने की तारीख आगे बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि गार्डन खोलने की पूरी व्यवस्था और तैयारी की जा चुकी है सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पर्यटकों को खाने का सामान अंदर ले जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी और न ही गार्डन के अंदर ही खाने की कोई चीज उपलब्ध होगी। फारूक अहमद ने बताया कि गार्डन में पॉलीथिन या प्लास्टिक बैग ले जाने की इजाजत नहीं है क्योंकि गार्डन को पॉलीथिन फ्री एरिया घोषित किया गया है । अगर किसी को भोजन या नाश्ता करना है तो वह गार्डन के बाहर जाकर करे क्योंकि अंदर खाने की चीजों को ले जाने पर पांबदी लगाई गई है ,हालांकि पीने के लिए पानी अंदर उपलब्ध रहेगा ।लोगों को बिना मास्क के गार्डन में एंट्री नहीं मिलेगी सोशल डिस्टेंसिंग का सतर्कता से पालन करना जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here