Friday, October 23, 2026
Home Politics कांग्रेस ने 4 सालों में होशियारपुर वासियों को निराशा के सिवाए कुछ...

कांग्रेस ने 4 सालों में होशियारपुर वासियों को निराशा के सिवाए कुछ नहीं दिया: तीक्ष्ण सूद

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब में कांग्रेस की सरकार बने 4 साल पूरे हो चुके हैं। पिछली बार स्थानीय विधायक सुंदर शाम अरोड़ा यह कह कर लोगों से पल्ला झाडऩे का प्रयास करते रहे कि उनकी पार्टी की सरकार नहीं है, इसलिए वह होशियारपुर के विकास तथा लोगों की भलाई के लिए कुछ नहीं कर सकते, अब जब कि वह उद्योग मंत्री भी हैं और 4 साल का समय भी मिल चुका है तो भी होशियारपुर को निराशा के सिवाय कुछ नहीं दे पाए। उपरोक्त विचार पंजाब भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ नेता तीक्ष्ण सूद ने प्रेस वार्ता में पत्रकरों के समक्ष रखे।

Advertisements

श्री सूद ने कहा कि समय-समय पर उनके द्वारा लोगों से होशियारपुर की खुशहाली के लिए कुछ वायदे किए गए, जैसे कि लड़कियों का सरकारी डिग्री कॉलेज लेकर आना, माता चिंतपूर्णी जाने वाले यात्रियों के लिए धर्मशाला बनवाना, लाहौर में बनी फूड स्ट्रीट की तर्ज पर फूड स्ट्रीट बनाना, शहर के अंदर आने वाले मार्गों पर एंट्री प्वाइंट गेट बनवाना, होशियारपुर विधानसभा को अधिक से अधिक उद्योग लगा कर देना, सरकारी स्कूलों के सिस्टम को ताकत देना, प्रॉपर्टी टैक्स खत्म करवाना, रेत व बजरी सस्ती करवाना, अवैध कॉलोनियों के लिए नई पॉलिसी लाना इत्यादि, परंतु 4 साल बीतने के बाद स्थिति उसके बिल्कुल विपरीत देखने को मिल रही है। श्री सूद ने कहा कि न ही फूड स्ट्रीट बनी, न ही माता चिंतपूर्णी जाने वाले यात्रियों के लिए धर्मशाला बनी तथा न ही लड़कियों के लिए सरकारी डिग्री कॉलेज बना, हां इतना जरूर हुआ है कि सर्विस क्लब में जाने वाले अमीर लोगों तथा अधिकारियों के लिए सरकारी पैसे की बर्बादी कर के एक मैरिज पैलेस बनवा दिया गया है।

हलके के सभी स्कूलों की इमारतें अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही हैं। स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। 100 साल से पुराने बजवाड़ा के सरकारी स्कूल को बंद करके उसकी जमीन अपने कांग्रेसी आकाओं को वापस दिलवाकर एक प्रोफेशनल मिलिट्री अकादमी खोली जा रही है। जिससे आस-पास के कई गरीब बच्चों का भविष्य धूमल हो गया है। कोई भी नई इंडस्ट्री लाने में असमर्थ रहे हैं। कोका कोला के लंबित प्रोजेक्ट को अपने फार्महाउस के साथ लगवा कर उनको तो लाभ हुआ लेकिन फैक्ट्री द्वारा रोजाना करोड़ों लीटर पानी के उपयोग से इलाका मरुस्थल बनने जा रहा है तथा इस फैक्ट्री से निकलने वाले ट्रकों से सडक़े तो टूट रही हैं परंतु स्थानीय लोगों को कोई रोजगार नहीं मिला। प्रॉपर्टी टैक्स खत्म करवाने के विरोध में नंगे होकर फोटो खिंचवाने वाले मंत्री जी बताएं कि उनकी सरकार बनाने के 4 साल बाद भी प्रॉपर्टी टैक्स माफ क्यों नहीं हुया, उल्टा शहरी वाटर सप्लाई तथा सीवरेज के 10 मरले के मकान तक जो वार्षिक 240 रुपये खर्चा होता था वह 1260 सलाना तथा 10 मरले के ऊपर 240 से बढ़ाकर 1680 रुपए वार्षिक करके गरीब जनता पर इतना भारी बोझ क्यों डाला गया।

प्रॉपर्टी की कीमतें न बढऩे के बावजूद कलेक्टर रेट में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी करके आपने क्यों जनता को करों के बोझ से लादा है। केन्द्र सरकार द्वारा भेजी नई अमृत योजना के अंतर्गत वाटर सप्लाई तथा सीवरेज के प्रोजेक्ट को ना केवल 3 साल तक लंबित रखा परंतु उसका अधिकतम लाभ अपने चहेतों की कॉलोनीयों को मंत्री जी दिलवा रहे हैं। इनके चहेते सरेआम सरकारी संपत्ति पर कब्जे कर रहे हैं। प्रशासन मूकदर्शक बनकर बैठा है। पंजाब सरकार की तरफ से ग्रामीण विकास के लिए कोई फंड नहीं आ रहें। केंद्र द्वारा 13वें व 14वें फाइनेंस कमीशन के अंतर्गत भेजे गए करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के उद्घाटन करके मंत्री जी लोगों को गुमराह कर रहे हैं। 1 साल पूर्व हुए कोरोना संकट में कांग्रेसियों द्वारा केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए राशन में की गई लूट अभी तक होशियारपुर वासियों को याद है। हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिसका जीता जागता उदाहरण नगर निगम में नक्शे पास करवाने तथा तहसील में रजिस्ट्रियां करवाने में लोगों को जो सरकारी कर्मचारियों की सेवा करनी पड़ती है किसी से छुपी नहीं है। कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। चारों तरफ गुंडा राज है। क्षेत्र में हुई सैंकड़ो चोरियों के पीडि़त त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। मंत्री जी द्वारा आवारा सांड द्वारा मारे गए व्यक्ति के परिवार को 2 लाख देने की घोषणा सरा सर झूठी साबित हुई है।

बनी हुई सडक़ों के ऊपर नई पीसी डलवाकर गैरजरूरी ढंग से उन्हें ऊंचा करना विकास नहीं होता, यह सभी नगर निवासी जानते हैं। शहर निवासी कांग्रेस द्वारा शहर के विकास को नजरअंदाज करके इसे विनाश की ओर ले जाने के लिए कभी माफ नहीं करेंगे तथा सत्ता से परे फेंक कर ही दम लेंगे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा, मुकेरियां जिला अध्यक्ष संजीव मन्हास, प्रदेश पंचायती राज्य सेल अध्यक्ष विजय पठानिया,डॉ. बिन्दुसार शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष सतीश बावा, सुरेश भाटिया (बिट्टू),पार्षद गुरप्रीत कौर, पार्षद नरिंदर कौर, पार्षद सुरिंदर पाल भट्टी, पार्षद गीतिका अरोड़ा, जिला मिडिया प्रभारी कमल वर्मा, पूर्व पार्षद अशोक कुमार,रमेश ठाकुर मेशी, संजू अरोड़ा, राज कुमार,जीवेद सूद, शिव कुमार काकू, प्रशांत कैंथ आदि भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here