गुड़िया प्रकरण पर हमीरपुर में राजनीति गर्माई

shimla-gudiya-rape-case-protest-hamirpur-himachal-pradesh-india

-कांग्रेस ने मौन होकर तो भाजपा ने नारे लगाकर किया प्रदर्शन-भाजपा ने फूंका सीएम का पुतला-
रजनीश शर्मा /हमीरपुर: कोटखाई गुड़िया दुष्कर्म एवं हत्या मामले के बाद हमीरपुर जिला की राजनीति गर्मा गई है। इस जघन्य अपराध के विरोध में कांग्रेस ने जहां मुंह पर काली पट्टियां बांधकर मौन रखा वहीं भाजपा ने सरकार और पुलिस प्रशासन की घटना को दबाने की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। भाजपा का प्रदर्शन ऐतिहासिक गांधी चौक पर हुआ जिसमें हजारों महिलाओं सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पूर्व मुख्य मंत्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस की मौजूदगी में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पुतला भी फूंका गया। धरना प्रदर्शन में भाजपा के विधायक नरेंद्र ठाकुर, विजय अग्निहोत्री, अनिल धीमान, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। उधर अपनी ही सरकार से गुड़िया के लिए इंसाफ मांग रहे कांग्रेस के मौन प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर एवं पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया सहित कुछ गिनती के कार्यकर्ता ही शामिल हुए। करीब दो घंटे चले इस मौन प्रदर्शन को उपायुक्त कार्यालय के बाहर आयोजित किया गया था। कांग्रेस और भाजपा वर्करों के बीच किसी संभावित टकराव को रोकने के लिए पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया था।

Advertisements

आज हिमाचल के हालात बिहार से भी बदतर: धूमल

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस आंदोलन को लेकर हम इकठ्ठे हुए हैं वह मुद्दा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गुडि़या प्रकरण इंसानियत से जुड़ा मुद्दा है जिसे इंसाफ दिलाने के लिए हर संवेदनशील व्यक्ति आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के फेसबुक पर चार आरोपियों के फोटो किसने डाले और बाद में क्यों हटाए गए। आज बिहार और यूपी वाले हिमाचल को अपराध राज्य के रूप में तुलना कर रहे है। आज हिमाचल की छवि खराब हुई है। धूमल ने कहा कि जब तक गुडि़या के असली कातिल पकड़े नहीं जाते और प्रदेश को शर्मसार करने वाली सरकार इस्तीफा नहीं देती, भाजपा अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस लॉकअप में जिस आरोपी की हत्या हुई है, उसकी पत्नी ने कई सनसनी खेज खुलासे किए हैं जिनका जबाव प्रदेश की वीरभद्र सरकार को देना ही होगा।

गुडिया की आत्मा की शांति के लिए मौन धरना

कांग्रेस के मौन प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस गुडि़या की आत्मा की शांति के लिए धरना दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गुड़िया जघन्य कांड की निंदा करती है और उसके लिए इंसाफ मांगती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस कांड में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने के लिए अपनी भूमिका सही तरीके से निभाई है।

shimla-gudiya-rape-case-protest-hamirpur-himachal-pradesh-india

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here