Thursday, October 29, 2026
Home Chandigarh मुख्यमंत्री पंजाब ने दरबार साहिब के लिए सोलर प्लांट लगाने हेतु एस.जी.पी.सी....

मुख्यमंत्री पंजाब ने दरबार साहिब के लिए सोलर प्लांट लगाने हेतु एस.जी.पी.सी. को दिया पूर्ण समर्थन

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। दरबार साहिब के लिए सोलर प्लांट प्रोजैक्ट लगाने सम्बन्धी अपनी सरकार द्वारा संपूर्ण समर्थन देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर ने आज कहा कि उन्होंने पहले ही बिजली विभाग को प्लांट लगाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को मंज़ूरी देने और इसको जल्द मुकम्मल करने के लिए पुरज़ोर काम करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आज श्री दरबार साहिब, अमृतसर को बिजली सप्लाई करने वाले सोलर प्लांट प्रोजैक्ट के लिए राज्य सरकार से मंज़ूरी न मिलने संबंधी शिरोमणि कमेटी की प्रधान बीबी जगीर कौर के बयान का जवाब दे रहे थे। पंजाब सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि इस हफ़्ते की शुरूआत में हुई एक मीटिंग के दौरान बिजली विभाग ने पहले ही इस प्रोजैक्ट को पूरा समर्थन देने का वादा किया था।

Advertisements

प्रवक्ता ने बताया कि अमरीका स्थित यूनाइटेड सिख मिशन ने हरमंदिर साहिब से 10 किलोमीटर की दूरी पर 2 मैगावॉट सामथ्र्य वाला सोलर प्लांट लगाने की इजाज़त माँगी थी, जिसके बारे में सरकार को कोई ऐतराज़ नहीं था और पावरकॉम ने सैद्धांतिक तौर पर मंज़ूरी दे दी थी। मीटिंग के दौरान पावरकॉम के अधिकारियों ने दरबार साहिब तक बिजली पहुँचाने के लिए पावरकॉम के मौजूदा ट्रांसमिशन नैटवर्क के प्रयोग की पेशकश भी की थी, जिसके लिए यूनाइटिड सिख मिशन को पूँजी निवेश की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रोजैक्ट को चलाने में कोई रुकावट नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह इस प्रोजैक्ट में सक्रियता से जुड़े रहने और इसके जल्द पूरा होने को यकीनी बनाएं। प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यूनाइटिड सिख मिशन और एस.जी.पी.सी. द्वारा परिकल्पित किए गए इस प्रोजैक्ट के लिए अपनी सरकार का पूर्ण समर्थन दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here