
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। रूस से जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन करके हालात की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने भारत से मदद भी मांगी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ट्वीट करके खुद इस बातचीत के बारे में जानकारी दी।

ट्वीट में जेलेंस्की ने कहा, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। उन्हें रूसी हमले के कारण पैदा हुए हालात के बारे में जानकारी दी। इस वक्त एक लाख से ज्यादा घुसपैठिए हमारी जमीन पर मौजूद हैं। वे लगातार हमारे रिहायशी इलाकों पर बमबारी कर रहे हैं। इस हमले के खिलाफ सुरक्षा परिषद में हमें राजनीतिक समर्थन दें। साथ ही इस हमले के खिलाफ हमारे साथ आएं।












